एवीएस न्यूज ..भोपाल 
वैश्विक भू-राजनीतिक तनाव और सुरक्षित निवेश की मांग के बीच भारतीय सर्राफा बाजार में ऐतिहासिक तेजी का दौर जारी है। मंगलवार को एमसीएक्स पर सोने और चांदी ने नए रिकॉर्ड स्तरों को छू लिया। बाजार के लिए सबसे चौंकाने वाला आंकड़ा चांदी की चाल रही है। जिस चांदी को 1 लाख रुपए प्रति किलोग्राम से दो लाख रुपए तक पहुंचने में 14 महीने का वक्त लगा था, उसने दो लाख से तीन लाख रुपए का सफर महज एक महीने में ही तय कर लिया। सोने चांदी के वायदा कारोबार ने मंगलवार को अपने पिछले सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए। सोने के वायदा भाव पहली बार 1.50 लाख रुपए पार कर गए, तो चांदी 3.30 लाख रुपए के करीब पहुंच। ग्लोबल मार्केट में सोना 4,700 डॉलर और चांदी 95 डॉलर पार कर चुकी है।

नए अमेरिकी टैरिफ के डर के कारण सोने चांदी की सुरक्षित निवेश की मांग बढ़ रही है
बाजार जानकार नवनीत अग्रवाल, आनंद सोनी ने बताया कि नए अमेरिकी टैरिफ के डर के कारण सोने चांदी की सुरक्षित निवेश की मांग बढ़ रही है। साथ ही चांदी की औद्योगिक मांग भी तेजी से बढ़ी है। इससे चांदी सोने की तुलना में ज्यादा तेजी से बढ़ रही है। सोने-चांदी का रेशियो 50 के करीब आ गया है। यह दिखाता है कि इतनी तेजी के बाद भी चांदी के भाव मजबूत रहने की संभावना है। हालांकि मुनाफावसूली से तेज गिरावट भी संभव है।
 गौरतलब है कि सोने के वायदा भाव मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज  पर सोने का बेंचमार्क फरबरी कॉन्ट्रैक्ट 141 रुप की तेजी के साथ 1,45,775 रुपए के भाव पर खुला और 1,52,500 रुपये के भाव पर दिन का उच्च और 1,45,500 रुपए के भाव पर दिन का निचला स्तर छू लिया। जबकि एमसीएक्स पर चांदी का बेंचमार्क मार्च कॉन्ट्रैक्ट 3,776 रुपए की गिरावट के साथ 3,06,499 रुपए पर खुला। शाम तक चांदी ने 3,27,998 रुपए के भाव पर दिन का उच्च भाव को छुआ।