रिकॉर्ड हाई के बाद चांदी औंधे मुंह गिरी
भोपाल। रिकॉर्ड हाई बनाने के बाद बाद चांदी की कीमतें औंधे मुंह गिरी हैं। हाल ही में चांदी ने 1,16,216 के लेवल को टच किया था। लेकिन गुरूवार को एमसीएक्स पर चांदी 1,09,378 रुपए प्रति किलो ग्राम पर कारोबार करती दिखी। इसका मतलब है कि चांदी अपने हाई लेवल से 6,838 रुपए सस्ती हो गई है। अगर एक दिन की गिरावट की बात करें तो 3486 रुपए सस्ती हुई यानी करीब साढ़े 3 हजार रुपए किलो सस्ती हुई । दूसरी तरफ सोने की कीमतों में भी बड़ी गिरावट देखने को मिल रही है। इस तेज गिरावट के पीछे अंतरराष्ट्रीय बाजार में दबाव, डॉलर की मजबूती और मांग में कमी जैसे प्रमुख कारण बताए जा रहे हैं।
बाजार जानकारों के अनुसार इस गिरावट के पीछे के प्रमुख कारण यूएस फेड का फैसला है। अमेरिकी फेडरल रिजर्व ने ब्याज दरों में कोई बदलाव नहीं किया। इससे बाजार में यह धारणा बनी कि सितंबर में भी ब्याज दरों में कटौती की संभावना कम है, जिससे गोल्ड पर दबाव बना। तो वहीं डोनाल्ड ट्रंप द्वारा भारत और अन्य देशों पर नए टैरिफ लागू करने की घोषणा से व्यापारिक अनिश्चितता बढ़ी, जिससे निवेशकों में सतर्कता आई।

