मिवी 24 सितंबर को लॉन्च करेगा अपना पहला स्मार्टफोन ‘मिवी वन’, Flipkart पर होगी एक्सक्लूसिव बिक्री
एवीएस न्यूज. भोपाल
भारत के घरेलू कंज्यूमर टेक्नोलॉजी ब्रांड मिवी ने स्मार्टफोन बाजार में कदम रखने की घोषणा की है। कंपनी अपना पहला स्मार्टफोन ‘मिवी वन’ 24 सितंबर 2026 को लॉन्च करेगी। यह स्मार्टफोन Flipkart पर विशेष रूप से उपलब्ध होगा। कंपनी के मुताबिक, अपने सेगमेंट में मिवी वन भारत का एकमात्र ऐसा स्मार्टफोन होगा, जिसमें Qualcomm Snapdragon 5G चिपसेट दिया जाएगा।
मिवी ने यह स्मार्टफोन Qualcomm, Flipkart और Google के साथ साझेदारी में विकसित किया है। कंपनी का कहना है कि मिवी वन को खास तौर पर भारतीय उपभोक्ताओं की जरूरतों और स्मार्टफोन इस्तेमाल करने के तरीके को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।
हैदराबाद में होगा निर्माण
ऑडियो कैटेगरी में अपनी पहचान बना चुकी मिवी अब स्मार्टफोन के क्षेत्र में अपने करीब एक दशक के R&D, डिजाइन, इंजीनियरिंग और मैन्युफैक्चरिंग अनुभव का इस्तेमाल करेगी। मिवी वन का निर्माण कंपनी की हैदराबाद स्थित फैसिलिटी में किया जाएगा।
स्मार्टफोन में Qualcomm Snapdragon 5G मोबाइल प्लेटफॉर्म मिलने की पुष्टि कंपनी ने की है। इसके जरिए तेज कनेक्टिविटी और बेहतर परफॉर्मेंस देने का दावा किया गया है। हालांकि, फोन की कीमत, रैम-स्टोरेज, कैमरा, डिस्प्ले और अन्य प्रमुख स्पेसिफिकेशंस की पूरी जानकारी लॉन्च के करीब सामने आने की उम्मीद है।
स्मार्टफोन कारोबार को लेकर बड़ी महत्वाकांक्षा
मिवी के को-फाउंडर विश्वनाध कंडुला ने कहा कि कंपनी के पहले दशक का उद्देश्य यह साबित करना था कि एक भारतीय कंपनी भारतीय ग्राहकों के लिए कंज्यूमर टेक्नोलॉजी को डिजाइन, विकसित और मैन्युफैक्चर कर सकती है। उनके मुताबिक, स्मार्टफोन इस सफर का अगला स्वाभाविक कदम है।
उन्होंने कहा कि मिवी वन सिर्फ कंपनी का पहला स्मार्टफोन नहीं है, बल्कि भारत से एक ग्लोबल कंज्यूमर टेक्नोलॉजी कंपनी बनाने की महत्वाकांक्षा की पहली झलक है।
मिवी के चीफ बिजनेस ऑफिसर हिमांशु टंडन ने कहा कि आज का स्मार्टफोन ग्राहक परफॉर्मेंस, डिजाइन, भरोसेमंदता और वैल्यू के बीच समझौता नहीं करना चाहता। कंपनी का लक्ष्य भारतीय उपभोक्ताओं की समझ और स्थानीय स्तर पर प्रोडक्ट बनाने की क्षमता के आधार पर स्मार्टफोन कारोबार तैयार करना है।
Flipkart के साथ साझेदारी
मिवी वन की बिक्री के लिए कंपनी ने Flipkart के साथ साझेदारी की है। Flipkart के डिजिटल कॉमर्स नेटवर्क, देशभर में पहुंच और लॉजिस्टिक्स इंफ्रास्ट्रक्चर के जरिए स्मार्टफोन को देश के अलग-अलग हिस्सों में ग्राहकों तक पहुंचाया जाएगा।
Flipkart के सीनियर डायरेक्टर मुकुंद केडिया ने कहा कि भारतीय डिजिटल उपभोक्ता तेजी से ऐसे घरेलू ब्रांड्स को अपना रहा है, जो अलग तरह के प्रोडक्ट और बेहतर वैल्यू पेश करते हैं। उन्होंने कहा कि ऑडियो सेगमेंट में पहचान बनाने के बाद मिवी का स्मार्टफोन बाजार में प्रवेश उसके सफर का स्वाभाविक अगला कदम है।
मिवी पहले से ही भारतीय बाजार में ट्रू वायरलेस ईयरबड्स, नेकबैंड, हेडफोन, स्पीकर और साउंडबार जैसे पर्सनल और होम ऑडियो प्रोडक्ट्स के लिए जानी जाती है। अब ‘मिवी वन’ के साथ कंपनी स्मार्टफोन बाजार में अपनी नई पारी शुरू करने जा रही है।


