एवीएस न्यूज..नई दिल्ली 


ग्लोबल सिस्टम फॉर मोबाइल कम्युनिकेशन्स (जीएसएमए) ने भारती एंटरप्राइजेज के संस्थापक और चेयरमैन सुनील भारती मित्तल को बेहद खास 'लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड' से सम्मानित किया है। यह सम्मान उन्हें दुनिया भर में दूरसंचार क्षेत्र का परिदृश्य बदलने और सरकारों, व्यवसायों तथा अरबों उपभोक्ताओं तक कनेक्टिविटी (संपर्क) के विस्तार में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका के लिए दिया गया है। जीएसएमए के इतिहास में केवल चुनिंदा व्यक्तियों को दिया जाने वाला यह सम्मान अब तक कुछ ही टेलीकॉम दिग्गजों को प्रदान किया गया है।

यह सम्मान उन योगदानों को मान्यता देता है, जिन्होंने वैश्विक संचार व्यवस्था पर एक अमिट और निर्णायक छाप छोड़ी है। बार्सिलोना में आयोजित 'मोबाइल वर्ल्ड कांग्रेस' के दौरान यह सम्मान उन्हें स्पेन के राजा महामहिम फेलिप षष्ठम, स्पेन के प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज, कैटलोनिया के राष्ट्रपति साल्वाडोर इला और वैश्विक उद्योग जगत के नेताओं की गरिमामयी उपस्थिति में प्रदान किया गया।
 

एयरटेल मौजूदा समय दे रही 50 करोड़ से अधिक ग्राहकों को सेवाएं  
दूरसंचार क्षेत्र के  दिग्गज़ सुनील भारती मित्तल के नेतृत्व में भारती एयरटेल आज दुनिया की अग्रणी मोबाइल ऑपरेटर कंपनियों में से एक है। भारत और अफ्रीका में अपने ऑपरेशन के साथ एयरटेल दुनिया की शीर्ष तीन कंपनियों में शामिल है और 50 करोड़ से अधिक ग्राहकों को अपनी सेवाएं दे रही है। उन्होंने उभरते बाजारों में मोबाइल सेवाओं के विस्तार की पहल की और साल 2017 से 2018 तक जीएसएमए के चेयरमैन के रूप में कार्य किया।

इससे पहले उन्हें वैश्विक मोबाइल उद्योग के विकास में उत्कृष्ट योगदान के लिए 2008 और 2016 में 'जीएसएमए चेयरमैन अवॉर्ड' से सम्मानित किया जा चुका है। साथ ही फरवरी 2019 में मोबाइल वर्ल्ड कांग्रेस के दौरान उनके चेयरमैन के रूप में कार्यकाल की सराहना करते हुए उन्हें विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
 

दूरसंचार एक ऐसी शक्ति है आवश्यक सेवाओं को हर व्यक्ति की मुट्ठी में पहुंचाती है: मित्तल 
 सुनील भारती मित्तल ने कहाकि यह सम्मान पाकर मैं अत्यंत गौरवान्वित हूं और इसके लिए जीएसएमए को हृदय से धन्यवाद देता हूं। उन्होंने कहाकि दूरसंचार एक ऐसी शक्ति है जो अवसरों का विस्तार करती है, आवश्यक सेवाओं को हर व्यक्ति की मुट्ठी में पहुंचाती है और मानवीय क्षमताओं के नए द्वार खोलती है। आधुनिक प्रगति को गति प्रदान करने वाले इस शक्तिशाली माध्यम के विकास में योगदान देना मेरे लिए सौभाग्य की बात रही है।