एवीएस न्यूज.उमरिया/ भोपाल


कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती राखी सहाय की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में स्टैंडिंग कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में वर्ष 2026 के लिए मतदाता सूची के वार्षिक पुनरीक्षण कार्यक्रम की विस्तृत समीक्षा की गई तथा विभिन्न चरणों की समय-सीमा निर्धारित की गई।


बैठक में मास्टर ट्रेनर सुशील मिश्रा ने बताया कि मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य 22 जून 2026 तक पूर्ण किया जाएगा। दावा-आपत्ति प्राप्त करने की अंतिम तिथि 25 मई तथा इनके निराकरण की अंतिम तिथि 30 मई निर्धारित की गई है। निराकृत आवेदन पत्रों की ईआरएमएस में प्रविष्टि 5 जून तक की जाएगी, जबकि चेकलिस्ट तैयार करने का कार्य 6 जून तक पूरा किया जाएगा।


उन्होंने जानकारी दी कि त्रुटि सुधार के बाद सूची को 8 जून तक वेंडर को वापस किया जाएगा। फोटोयुक्त एवं फोटोरहित अंतिम मतदाता सूची 10 जून तक जनरेट की जाएगी। फोटोरहित सूची का मुद्रण कर 16 जून तक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को उपलब्ध कराया जाएगा।


फोटोयुक्त अंतिम मतदाता सूची का नगर निकायों, ग्राम पंचायतों एवं निर्धारित स्थलों पर सार्वजनिक प्रकाशन 18 जून तक किया जाएगा। इसके बाद पीडीएफ, डीवीडी एवं सीडी 19 जून तक उपलब्ध कराई जाएगी तथा 20 जून तक विक्रय हेतु रखी जाएगी। संपूर्ण प्रक्रिया, राजनीतिक दलों को सूची उपलब्ध कराने एवं स्टैंडिंग कमेटी की बैठक सहित अन्य कार्य 22 जून तक पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं।


बैठक में बताया गया कि जिले में कुल 717 मतदान केंद्रों पर 4,06,392 मतदाता पंजीकृत हैं, जिनमें 2,07,705 पुरुष, 1,98,686 महिला तथा 3 अन्य मतदाता शामिल हैं। वहीं नगर निकाय क्षेत्र में 84 वार्डों एवं 112 मतदान केंद्रों पर 82,873 मतदाता दर्ज हैं।
इसके साथ ही जिले में निर्वाचन कार्य के लिए 236 प्राधिकृत कर्मचारियों की नियुक्ति की गई है।
बैठक के उपरांत कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती राखी सहाय ने मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को मतदाता सूची का वितरण भी किया। इस अवसर पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी रीता डेहरिया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।