मंडी बोर्ड आयुक्त ने किया पवारखेड़ा डीपी वर्ल्ड इनलैंड टर्मिनल का निरीक्षण
रेलवे रैक प्वाइंट की व्यवस्थाओं का लिया जायजा, माल की लोडिंग-अनलोडिंग और परिवहन प्रक्रिया की जानकारी
एवीएस न्यूज .भोपाल
मध्यप्रदेश राज्य कृषि विपणन बोर्ड के आयुक्त सह प्रबंध संचालक कुमार पुरुषोत्तम ने 29 अगस्त 2026 को इटारसी मंडी क्षेत्र के अंतर्गत पवारखेड़ा स्थित डीपी वर्ल्ड इनलैंड टर्मिनल का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने टर्मिनल परिसर का निरीक्षण कर कृषकों एवं व्यापारियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने टर्मिनल परिसर में स्थित रेलवे रैक प्वाइंट का भी बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से माल की लोडिंग और अनलोडिंग की व्यवस्था, विभिन्न स्थानों से आने वाले माल तथा वहां से माल को भेजे जाने वाले गंतव्यों की जानकारी ली। इसके अलावा उन्होंने पूरी परिवहन प्रक्रिया में लगने वाले समय और माल के आवागमन की मौजूदा व्यवस्था के बारे में भी जानकारी प्राप्त की।

व्यवस्थाओं को और प्रभावी बनाने के निर्देश
कुमार पुरुषोत्तम ने टर्मिनल पर उपलब्ध सुविधाओं एवं संसाधनों का अवलोकन करते हुए भविष्य में इसकी कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी, सुगम और सुविधाजनक बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित किया जाए तथा जहां भी सुधार की आवश्यकता है, वहां आवश्यक कदम उठाए जाएं।
उन्होंने विशेष रूप से माल की लोडिंग-अनलोडिंग, परिवहन व्यवस्था और टर्मिनल पर उपलब्ध सुविधाओं को बेहतर बनाने पर ध्यान देने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।

मंडी बोर्ड सहायक संचालक, योगेश नागले ने बताया कि निरीक्षण के दौरान मंडी बोर्ड के अधीक्षण यंत्री मधुकर पवार, कार्यपालन यंत्री भोपाल संभाग सुरेश चंद्र गोयल सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। डीपी वल्र्ड की ओर से प्रबंधक-ऑपरेशंस प्रदीप शर्मा और प्रबंधक-सिविल ज्ञान प्रकाश पांडे भी उपस्थित रहे।


