बैंक एवं वित्तीय संस्थानों में अंबेडकर जयंती पर भी अवकाश घोषित करने की मांग
एवीएस न्यूज. भोपाल
भारत सरकार द्वारा डॉ. भीमराव अंबेडकर जी की जयंती (14 अप्रैल) के अवसर पर केंद्रीय सरकारी कार्यालयों में अवकाश घोषित किया गया है। यह निर्णय बाबा साहेब के प्रति सम्मान एवं उनके अमूल्य योगदान को स्मरण करने की दिशा में स्वागत योग्य कदम है। किंतु उक्त आदेश में बैंक एवं वित्तीय संस्थानों के संबंध में कोई स्पष्ट निर्देश नहीं दिए गए हैं, जिससे बैंक कर्मचारियों एवं अधिकारियों के बीच असमंजस की स्थिति बनी हुई है।
यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस, मध्य प्रदेश के कोऑर्डिनेटर वी.के. शर्मा ने इस संबंध में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से आग्रह किया है कि डॉ. अंबेडकर जयंती के पावन अवसर पर राज्य के सभी बैंक एवं वित्तीय संस्थानों में भी अवकाश घोषित किया जाए।
उन्होंने कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर न केवल भारतीय संविधान के निर्माता थे, बल्कि सामाजिक न्याय एवं समानता के प्रतीक हैं। उनके सम्मान में बैंकिंग क्षेत्र के कर्मचारियों को भी अवकाश मिलना चाहिए, ताकि वे इस महत्वपूर्ण दिवस को श्रद्धापूर्वक मना सकें।
शर्मा ने यह भी कहा कि राज्य सरकार द्वारा शीघ्र सकारात्मक निर्णय लिए जाने से बैंक कर्मचारियों में हर्ष एवं संतोष का वातावरण बनेगा।

