एवीएस न्यूज.उमरिया/भोपाल


 राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत स्वच्छता माहवारी दिवस के अवसर पर किशोर स्वास्थ्य एवं सुरक्षित माहवारी प्रबंधन विषय पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य किशोरियों और महिलाओं में माहवारी से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करना तथा सुरक्षित एवं सम्मानजनक माहवारी प्रबंधन के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।

कार्यक्रम में कलेक्टर राखी सहाय ने कहा कि आज भी महिलाओं और किशोरियों के स्वास्थ्य से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषय ऐसे हैं, जिन पर समाज में खुलकर चर्चा नहीं हो पाती। उन्होंने कहा कि माहवारी स्वच्छता प्रबंधन किशोरियों के शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक स्वास्थ्य से सीधे जुड़ा हुआ विषय है।

कलेक्टर ने कहा कि सुरक्षित माहवारी प्रबंधन न केवल संक्रमण और अन्य स्वास्थ्य समस्याओं से बचाव करता है, बल्कि यह किशोरियों के आत्मविश्वास, गरिमा और जीवन की गुणवत्ता को भी मजबूत बनाता है। उन्होंने समाज में माहवारी को लेकर सकारात्मक संवाद और जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर दिया, ताकि किशोरियां बिना किसी संकोच के आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं और जानकारी प्राप्त कर सकें।

कार्यक्रम के दौरान ग्राम स्तर पर किशोर स्वास्थ्य एवं जनजागरूकता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले साथिया सदस्यों को सम्मानित भी किया गया। प्रोत्साहन स्वरूप शील्ड प्रदान कर ग्राम दुब्बार की तान्या राय, ग्राम बड़गांव के साथिया किशन सोनी तथा उमंग स्वास्थ्य केंद्र में किशोर स्वास्थ्य परामर्श सेवाएं दे रहे राकेश चौधरी को सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. व्ही.एस. चंदेल, जिला किशोर स्वास्थ्य समन्वयक बुधराम राहंगडाले, डॉ. हर्षा पाटील, सीपीएचसी साथिया प्रशिक्षक प्रकाश असाटी सहित बड़ी संख्या में साथिया सदस्य और ग्रामीणजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से किशोरियों के स्वास्थ्य, स्वच्छता, आत्मसम्मान और सुरक्षित माहवारी प्रबंधन के प्रति व्यापक जागरूकता का संदेश दिया गया।