भगवान श्री विष्णु के चरणों की निकली चरणगंगा के जल से हुआ महादेव का अभिषेक

बजरंग बहादुर सोनी. मानपुर
उमरिया जिले के मानपुर विधानसभा मुख्यालय में पावन पर्व श्रावण मास पर खंड पार्थिवेशवर विवाह उत्सव समिति मानपुर के तत्वावधान में कावड़ यात्रा नगर के हृदय स्थल पुरानी बाजार रामलीला मैदान से शुरु की गई। इस मौके पर देवों के देव महादेव भगवान भोलेनाथ के जयघोष समूचे क्षेत्र में गूंजा। ढोल नगाड़ों और डीजे की धुन में नाचते झूमते कांवड़ यात्रा का नगर के मेन मार्केट से गुजरी। जहां कई स्थानों पर लोगों ने पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। कांवड़ यात्रा में शामिल कावड़ियों का भारी जत्था मानपुर से चल कर ग्राम रोहनिया पहुंचा। जहां विश्वविख्यात बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के विशालकाय पर्वत में विराजमान भगवान श्री विष्णु जी के चरणों से प्रकट हुई कल- कल ध्वनि करती बहती जीवन दायनी चरणगंगा नदी से जल लेकर कावड़ियों का जत्था नदी के तट पर विराजमान माता ज्वालामुखी धाम परिसर पहुंचा। यहां भगवान श्री भोलेनाथ का जलाभिषेक कर श्रृद्धालुओं ने विधि विधान से शिवलिंग की पूजा अर्चना की।
नगर वासियों ने कावडि़यों का जगह -जगह किया भव्य स्वागत
तत्पश्चात कांवड़ियों ने पुनः जल भरकर अपना रूख वापस मानपुर की ओर किया,इस दरमियान चरणगंगा नदी ज्वालामुखी से अभिषेक के लिए जल लेकर लौटे कावड़ियों का नगरवासियों ने बस स्टैंड सहित कई स्थानों पर नगर परिषद के वाटर कैनन के द्वारा शीतलता प्रदान करते हुए सभी कावड़ियों के ऊपर पानी की बौछार कर उनका स्वागत किया। कावड़ यात्रा नगर के सुप्रसिद्ध ऐतिहासिक मढिया धाम पहुंचे। जहां सुसज्जित शिव मंदिर में भी देवों के देव महादेव भगवान भोलेनाथ को जल चढ़ाकर अभिषेक किया गया। मढियाधाम में कावड़ यात्रा में शामिल सभी कावड़ियों व नगर वासियों के लिए विशेष तौर पर स्वादिष्ठ भंडारा प्रसाद की व्यवस्था खंड पार्थेश्वर विवाह उत्सव समिति के द्वारा की गई थी ।
- खंड पार्थेश्वर विवाह उत्सव समिति ने कावड़ यात्रा में किया तन, मन, धन से सहयोग
खंड पार्थिवेशवर विवाह उत्सव समिति मानपुर विगत दो-तीन वर्षों से पवित्र श्रावण मास में कावड़ यात्रा का आयोजन किया जाता है, जिसमें मुख्य रूप से अनिरुद्ध गुप्ता, कमलेश यादव लाला, बसंत नामदेव, सचिन बबलू यादव, रिंकू विश्वकर्मा, बबलू शुक्ला, विकास शुक्ला, मुन्ना गुप्ता, शालू गुप्ता, शिवम यादव, अनीश विश्वकर्मा, शिवम नामदेव आदि समिति के सदस्यों का भरपूर योगदान रहता है। नगर के कई प्रबुद्ध जन समाजसेवी लोगों ने ऐसे धार्मिक आयोजनों को समय-समय पर करने के लिए खंड पार्थेश्वर विवाह उत्सव समिति के सभी सदस्यों का हृदय से धन्यवाद ज्ञापित किया है। कावड़ यात्रा में कावड़ियों की सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस प्रशासन से प्राप्त सहयोग के लिए खंड पार्थेश्वर विवाह उत्सव समिति के सभी सदस्यों ने पुलिस प्रशासन का भी अंतर्मन से धर्म धन्यवाद ज्ञापित किया है।