रामनवमीं तक 1500 फोर व्हीलर्स और 5 हजार टू-व्हीलर्स की बिक्री की उम्मीद
एवीएस न्यूज.भोपाल
चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर ऑटोमोबाइल सेक्टर को इस वर्ष बंपर बिक्री की उम्मीद है। त्योहारों के दौरान राजधानी भोपाल में करीब 5 हजार टू-व्हीलर और 1500 फोर व्हीलर्स की बुकिंग और डिलीवरी की उम्मीद है।

आटोमोबाइल सेक्टर से जुड़े टू-व्हीलर और फोर व्हीलर्स डीलर्स के अनुसार चैत नवरात्रि शुरू होने के साथ मध्यप्रदेश सरकार द्वारा उज्जैन मेले की तिथि में वृद्धि कर दिए जाने का लाभ सेक्टर को मिलेगा। आटोमोबाइल डीलर्स बताते है कि ईरान-अमेरिका जंग से ईंधन पर आंच आने से ग्राहकों ने अपना रूख अब इलेक्ट्रिक वाहनों (ईवी) की ओर किया है।

टू-व्हीलर और फोर व्हीलर्स शोरूम में इंक्वायरी काफी बढ़ी
भोपाल आटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष आशीष पांडे के अनुसार टू-व्हीलर और फोर व्हीलर्स शोरूम में इंक्वायरी काफी बढ़ी है। ईरान-अमेरिका जंग की बदौलत भविष्य में आने वाले ऑयल संकट के मद्देनजर ग्राहकों का ज्यादा रूझान इलेक्ट्रिक वाहनों (ईवी) की खरीदारी की तरफ है। उन्होंने शुरू चैत नवरात्रि से रामनवमी तक राजधानी भोपाल में करीब 1500 फोर व्हीलर्स और 5 हजार के करीब टू-व्हीलर्स की बिक्री का अनुमान जताया। पांडे ने कहाकि इस नवरात्रि पर्व पर सभी वाहनों की बिक्री में गत वर्ष की अपेक्षा 10 फीसदी से अधिक का ग्रोथ होगा।

नवरात्रि पर्व के साथ आयोजित उज्जैन मेले की तारीख में वृद्धि होने का एडवांचेज आटोमोबाइल सेक्टर को मिलेगा
आरएमजे मोटर्स ग्रुप के सीएमडी सुनील जैन 501 ने कहा कि शोरूम्स पर कार खरीदने वालों की भीड़ दिखने लगी है। उम्मीद है कि नवरात्रि के दरिम्यान मारूति की 500 कारों की बिक्री होगी। उनके अनुसार नवरात्रि पर्व के साथ आयोजित उज्जैन मेले की तारीख में वृद्धि होने का एडवांचेज आटोमोबाइल सेक्टर को मिलेगा। उन्होंने उज्जैन मेले की समय अवधि बढ़ाने पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति कृतज्ञता जताई। आयोजित उज्जैन मेला के दरिम्यान अभी तक मारूति की 250 से अधिक गाड़ियां डिलीवर हो चुकी हैं।

टाटा की गाड़ियों का ग्रोथ 40 फीसदी होगा और करीब 300 कारें बिकेगी
वरेण्यम मोटर्स के संचालक विशाल जौहरी ने कहाकि फरवरी माह में टाटा मोटर्स की गाडि़यों में बिक्री ग्रोथ 30 फीसदी ज्यादा रहा है। अत: नवरात्रि पर्व पर उम्मीद है कि टाटा की गाड़ियों का ग्रोथ 40 फीसदी होगा और करीब 300 कारें बिकेगी। उन्होंने कहाकि ग्राहकों का रूझान सर्वाधिक इलेक्ट्रिक वाहनों (ईवी) की खरीदारी की ओर है। जौहरी ने कहाकि ईरान-अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव के कारण वैश्विक स्तर पर पेट्रोल-डीजल की कीमतें तेजी से बढ़ रही हैं, जिससे वाहन उपभोक्ता इलेक्ट्रिक वाहनों (ईवी) की ओर रुख कर रहे हैं। यह बदलाव उपभोक्ताओं को लंबी अवधि में ईंधन की उच्च लागत से बचने के लिए प्रेरित कर रहा है।
उल्लेखनीय है कि ऑटोमोबाइल सेक्टर को मार्च 2026 में बंपर बिक्री की उम्मीद है, देशभर में 15-18 फीसदी की सालाना वृद्धि के साथ 4.4-4.5 लाख कारें बिकने का अनुमान है। जीएसटी कटौती, त्योहारी सीजन और ग्रामीण मांग में सुधार से बिक्री को बढ़ावा मिला है। वितवर्ष 2027 में दोपहिया वाहनों की बिक्री 7-9 फीसदी बढ़ने और पैसेंजर वाहनों के 4.7 मिलियन यूनिट तक पहुंचने की उम्मीद है।

