सोमवार से गुरुवार ‘कौन बनेगा करोड़पति’ के बाद सोनी टीवी और सोनी लिव पर होगा प्रसारण

एवीएस न्यूज.मुंबई
सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविज़न का लोकप्रिय क्राइम शो ‘क्राइम पेट्रोल’ नए अंदाज और नई कहानियों के साथ दर्शकों के बीच लौटने के लिए तैयार है। शो के नए सीजन ‘क्राइम पेट्रोल – क्राइम का करंट’ का प्रीमियर 31 अगस्त 2026 को होगा। इस सीजन में अभिनेता अजय देवगन दर्शकों से सीधे संवाद करते नजर आएंगे।

नया सीजन हर सोमवार से गुरुवार ‘कौन बनेगा करोड़पति’ के तुरंत बाद सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविज़न और सोनी लिव पर प्रसारित किया जाएगा। शो में अपराध की वास्तविक घटनाओं से प्रेरित कहानियों के जरिए समाज में बदलते अपराधों और उनके पीछे छिपे कारणों को सामने लाने की कोशिश की जाएगी।

सोशल मीडिया और बदलते व्यवहार पर फोकस

शो के जारी प्रोमो में अजय देवगन आज के सोशल मीडिया दौर और बदलती भावनाओं के इंसानी व्यवहार पर पड़ने वाले असर की ओर इशारा करते हैं। प्रोमो में वे बताते हैं कि किस तरह सोशल मीडिया कल्चर, इंस्टेंट वैलिडेशन और तेजी से बदलती भावनाएं लोगों के व्यवहार को प्रभावित कर सकती हैं।

प्रोमो की शुरुआत अजय देवगन के इसी विचार से होती है कि “हर ज़माने की अपनी एक लहर होती है...” इसके बाद वे सोशल मीडिया पर भावनाओं के तेजी से बदलने और एक पल में खुशी से गुस्से तक पहुंचने की बात करते हैं। प्रोमो अपराध की एक ऐसी घटना की ओर संकेत करता है, जिसके पीछे चौंकाने वाला और दर्दनाक सच छिपा है।

दर्शकों को सतर्क रहने का संदेश

‘क्राइम पेट्रोल – क्राइम का करंट’ में अजय देवगन केवल घटनाओं को प्रस्तुत करते ही नहीं, बल्कि दर्शकों को मौजूदा दौर में अधिक सतर्क रहने का संदेश भी देते नजर आएंगे। शो की कहानियां आज की सामाजिक परिस्थितियों और अपराध के बदलते तरीकों से जुड़ी होंगी।

‘क्राइम पेट्रोल – क्राइम का करंट’ का प्रीमियर सोमवार, 31 अगस्त 2026 को होगा। दर्शक इसे हर सोमवार से गुरुवार ‘कौन बनेगा करोड़पति’ के बाद सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविज़न और सोनी लिव पर देख सकेंगे।