एलेस्को सर्जीफार्मा की निदेशक इशिता बेस्ट यंग एंटरप्रेन्योर' 2026 में प्रथम पुरस्कार से सम्मानित
एवीएस न्यूज. भोपाल
एमपी स्टार्टअप समिट एवं इकोसिस्टम अवॉर्ड 2026 में एलेस्को सर्जीफार्मा प्राइवेट लिमिटेड की निदेशक इशिता मोदी को बेस्ट यंग एंटरप्रेन्योर 2026 श्रेणी के अंतर्गत प्रथम पुरस्कार से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा प्रदान किया गया। इस अवसर पर मुख्य सचिव आईएएस अनुराग जैन, एमएसएमई मंत्री चैतन्य कश्यप, उद्योग विभाग के प्रमुख सचिव सहित एमएसएमई एवं स्टार्टअप विभाग के वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित रहे।
इशिता मोदी को यह पुरस्कार उनके स्टार्टअप एलेस्को सर्जीफार्मा प्राइवेट लिमिटेड के लिए प्रदान किया गया, जो मंडीदीप औद्योगिक क्षेत्र में स्थित एक नाइट्राइल ग्लव्स निर्माण इकाई है।
यह इकाई 100 फीसदी आयात-प्रतिस्थापन आधारित है और देश में स्वास्थ्य सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण उत्पादों के स्वदेशी निर्माण को बढ़ावा दे रही है।
उल्लेखनीय है कि इस प्रतिष्ठित पुरस्कार के लिए पूरे राज्य से 300 से अधिक नामांकन प्राप्त हुए थे। सभी प्रविष्टियों का मूल्यांकन राष्ट्रीय स्तर की जूरी द्वारा विभिन्न मापदंडों नवाचार, रोजगार सृजन, आयात-प्रतिस्थापन एवं आर्थिक प्रभाव के आधार पर किया गया, जिसके पश्चात इशिता मोदी को इस श्रेणी में प्रथम स्थान के लिए चयनित किया गया।

