डिजिटल कृषि सुधारों को राष्ट्रीय पहचान : मध्यप्रदेश की भावांतर भुगतान योजना को मिला स्कॉच गोल्ड अवॉर्ड 2026
मध्यप्रदेश राज्य कृषि विपणन बोर्ड, भोपाल की ओर से यह सम्मान प्रबंध संचालक कुमार पुरुषोत्तम के निर्देशन में योगेश नागले (सहायक संचालक), गोविंग शर्मा (सहायक संचालक) एवं निरंजन सिंह द्वारा ग्रहण किया
एवीएस न्यूज..भोपाल
मध्यप्रदेश शासन की किसान हितैषी भावांतर भुगतान योजना-2025 को राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिष्ठित स्कॉच गोल्ड अवॉर्ड 2026से सम्मानित किया गया है।
यह सम्मान 20 जून 2026 को नई दिल्ली स्थित पीएचडी चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री में आयोजित समारोह में प्रदान किया गया। मध्यप्रदेश राज्य कृषि विपणन बोर्ड, भोपाल की ओर से यह सम्मान प्रबंध संचालक कुमार पुरुषोत्तम के निर्देशन में योगेश नागले (सहायक संचालक), गोविंग शर्मा (सहायक संचालक) एवं निरंजन सिंह द्वारा ग्रहण किया गया।
दोनों एप्लीकेशन एनआईसी भोपाल द्वारा विकसित की गई है। यह योजना मध्य प्रदेश सरकार की प्रमुख कृषि-कल्याण और नवाचार आधारित पहलों में से एक मानी जा रही है, जिसे राज्य के किसान कल्याण एवं कृषि विकास विभाग के तहत लागू किया गया है।
पुरस्कार समारोह में प्रो. एस. महेंद्र देव (अध्यक्ष, प्रधानमंत्री आर्थिक सलाहकार परिषद), डॉ. मनोज कुमार (अपर सचिव, विधि एवं न्याय मंत्रालय, भारत सरकार), डॉ. शेखर ऐय्यर (संचालक, इंडियन काउंसिल फॉर रिसर्च ऑन इंटरनेशनल इकोनॉमिक रिलेशंस), प्रो. सचिन कुमार शर्मा (महानिदेशक, आरआईएस), तथा समीर कोचर (अध्यक्ष, स्कॉच ग्रुप) के करकमलों द्वारा यह सम्मान प्रदान किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों के अनेक गणमान्य नागरिक एवं विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे।
डिजिटल कृषि मॉडल को मिली सराहना
यह योजना किसानों को बाजार मूल्य में उतार-चढ़ाव से सुरक्षा देने के उद्देश्य से लागू की गई है। इसके तहत न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) और वास्तविक विक्रय मूल्य के अंतर की राशि सीधे किसानों के बैंक खातों में ट्रांसफर की जाती है। योजना को ई-मंडी एमपी के साथ एकीकृत कर पूरी तरह डिजिटल ढांचे पर संचालित किया गया, जिससे खरीद प्रक्रिया में पारदर्शिता और गति आई।
सोयाबीन खरीदी में डिजिटल सिस्टम का उपयोग
भावांतर योजना-2025 के तहत सोयाबीन की खरीदी पूरी तरह ई-मंडी एप्लीकेशन के माध्यम से की गई। अधिकारियों के अनुसार, यह देश में अपनी तरह की पहली एकीकृत डिजिटल कृषि विपणन व्यवस्था है। इस पहल ने किसानों को समय पर भुगतान, उचित मूल्य और बिचौलियों की भूमिका में कमी जैसे लाभ प्रदान किए हैं। इस पुरस्कार समारोह में विभिन्न विशेषज्ञों और गणमान्य व्यक्तियों ने इस पहल की सराहना की।
कृषि क्षेत्र में डिजिटल बदलाव की दिशा
विशेषज्ञों का मानना है कि यह उपलब्धि मध्यप्रदेश की कृषि विपणन प्रणाली में डिजिटल परिवर्तन और किसान-केंद्रित नीतियों की सफलता को दर्शाती है। इस योजना ने राज्य में कृषि आय सुरक्षा और पारदर्शी व्यापार प्रणाली को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। यह सम्मान मध्यप्रदेश को कृषि नवाचार और डिजिटल कृषि मॉडल के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर एक अग्रणी राज्य के रूप में स्थापित करता है।






