एवीएस न्यूज .ग्वालियर 
दूरसंचार सेवा प्रदाता वी (Vi) ने एंटरप्राइज सेक्टर में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) आधारित बदलाव को गति देने के लिए ‘वी इंटेलिजेंस’ पहल लॉन्च की है। इसके तहत कंपनी पीडब्ल्यूसी इंडिया के साथ साझेदारी कर एआई इनोवेशन, व्यावसायिक प्रक्रियाओं के आधुनिकीकरण और वैश्विक तकनीकी सहयोग को बढ़ावा देगी। इस पहल का उद्देश्य विभिन्न उद्योगों के उद्यमों को अगली पीढ़ी के एआई समाधानों से जोड़ना है।

इस पहल के तहत मुंबई में ‘वी इंटेलिजेंस लैब’ स्थापित की जाएगी, जो एंटरप्राइज एआई समाधानों के विकास, परीक्षण और बड़े पैमाने पर इस्तेमाल के लिए इनोवेशन सेंटर के रूप में काम करेगी। पीडब्ल्यूसी इंडिया इसके लिए सेंटर ऑफ एक्सीलेंस टीम भी तैयार करेगा। यह साझेदारी वी के डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर और पीडब्ल्यूसी की तकनीकी एवं व्यावसायिक विशेषज्ञता को एक मंच पर लाएगी।

वी के सीटीओ जगबीर सिंह ने कहा कि भविष्य में दूरसंचार के साथ इंटेलिजेंस की भूमिका भी महत्वपूर्ण होगी। वी इंटेलिजेंस के जरिए ग्राहकों के अनुभव बेहतर बनाने और व्यावसायिक प्रक्रियाओं को अधिक प्रभावी बनाने वाले एआई समाधान विकसित किए जाएंगे।

पीडब्ल्यूसी इंडिया के टीएमटी पार्टनर एवं लीडर विनीश बावा ने कहा कि एआई उद्यमों के कामकाज, नवाचार और प्रतिस्पर्धा के तरीकों को बदलने में अहम भूमिका निभाएगा।

वी इंटेलिजेंस लैब तीन प्रमुख स्तंभों- एजेंटिक एआई, असिस्टिव एआई और सॉवरेन एवं रिस्पॉन्सिबल एआई पर काम करेगी। इसके तहत एआई हैकाथॉन, इनोवेशन चैलेंज, पायलट प्रोजेक्ट, एआई कौशल विकास और नई तकनीकी क्षमताओं के निर्माण पर जोर दिया जाएगा। कंपनी का लक्ष्य उद्यमों के संचालन को आधुनिक बनाना, ग्राहक अनुभव सुधारना और कारोबार के नए अवसर विकसित करना है।