बीज व्यापारियों की समस्याओं को लेकर हुई बड़ी बैठक : राष्ट्रीय अध्यक्ष मनमोहन कलंत्री ने अतिरिक्त सचिव से की मुलाकात
एवीएस न्यूज..भोपाल
ऑल इंडिया एग्रो इनपुट डीलर एसोसिएशन द्वारा बीज व्यापारियों की समस्याओं को लेकर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनमोहन कलंत्री ने नई दिल्ली में बीज विभाग के अतिरिक्त सचिव अजीत कुमार साहू से महत्वपूर्ण मुलाकात की। इस दौरान बीज व्यापार से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में सबसे प्रमुख विषय ‘साथी पोर्टल’ रहा। संगठन की ओर से बताया गया कि महाराष्ट्र सहित कई राज्यों के विक्रेताओं के बीच पोर्टल को लेकर भ्रम की स्थिति बनी हुई है। इस पर अनुरोध किया गया कि फिलहाल पोर्टल का उपयोग केवल कंपनी से थोक विक्रेता स्तर तक सीमित रखा जाए।
संगठन ने यह भी स्पष्ट किया कि ग्रामीण क्षेत्रों में कार्यरत अधिकांश रिटेल विक्रेताओं के पास कंप्यूटर और लैपटॉप जैसी सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं, जिससे ऑनलाइन प्रक्रिया अपनाने में उन्हें कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है।
अतिरिक्त सचिव साहू ने संगठन की बातों को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि वर्तमान समय में किसी भी रिटेल विक्रेता पर पोर्टल को लेकर कोई सख्ती नहीं की जाएगी।
साथ ही उन्होंने एनआईसी प्रमुख डी.वी. सिंह एवं कृषि निदेशक डॉ. सोनू चौधरी को निर्देश दिए कि महाराष्ट्र के विक्रेताओं की समस्याओं को सुनने के लिए जल्द ‘ज़ूम मीटिंग’ आयोजित की जाए। जानकारी के अनुसार आगामी आठ दिनों में महाराष्ट्र के सभी जिलाध्यक्षों की दिल्ली के अधिकारियों के साथ ऑनलाइन बैठक आयोजित होगी।
संगठन के कार्यकर्ताओं ने बताया कि व्यापारियों के हितों के लिए पदाधिकारी दिन-रात लगातार संघर्ष कर रहे हैं। लंबी यात्राएं, कठिन परिस्थितियां और लगातार बैठकों के बावजूद संगठन के सदस्य कृषि आदान व्यापारियों की समस्याओं को सरकार तक पहुंचाने में जुटे हुए हैं।

