यात्रियों की सुरक्षा से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा

 

सुरक्षा नियमों के उल्लंघन पर दो नावें जब्त, जीवन रक्षक उपकरणों की कमी पाई 
 
एवीएस न्यूज.उमरिया/ भोपाल 


 जिले में नौका विहार स्थलों पर यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। कलेक्टर श्रीमती राखी सहाय के निर्देश पर चलाए जा रहे औचक निरीक्षण अभियान के तहत अनुविभागीय अधिकारी राजस्व (एसडीएम) मानपुर हरनीत कौर कलसी ने ग्राम झाल क्षेत्र स्थित सोन नदी घाट का निरीक्षण किया। इस दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी पाए जाने पर दो नावों को तत्काल जब्त कर लिया गया।


किसी भी समय बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती थी 
निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने सोन नदी के किनारे स्थित झाल घाट और विजयसोता (जिला शहडोल) के बीच संचालित नावों की जांच की। जांच में सामने आया कि नाव चालक राम विशाल केवट निवासी विजयसोता तथा रनुआ केवट पिता झोरा केवट निवासी झाल बिना पर्याप्त सुरक्षा इंतजामों के नाव संचालन कर रहे थे।

नावों में लाइफ जैकेट, लाइफ रिंग और अन्य जरूरी जीवन रक्षक उपकरणों की कमी पाई गई, जो किसी भी समय बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती थी।
 

मानकों का पालन नहीं तो  नाव का संचालन नही 
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम हरनीत कौर कलसी ने दोनों नावों को तत्काल जप्त कर ग्राम पंचायत के सुपुर्द कर दिया। साथ ही ग्राम सचिव, पटवारी और पंचायत समन्वयक झाल को निर्देशित किया गया कि घाट क्षेत्र में लगातार निगरानी रखी जाए और बिना सुरक्षा मानकों का पालन किए किसी भी नाव का संचालन न होने दिया जाए।


प्रशासनिक जांच में यह भी सामने आया कि विजयसोता से झाल आ रही नाव, जिसका संचालन राम विशाल केवट कर रहे थे, उसमें यात्रियों के लिए पर्याप्त लाइफ जैकेट उपलब्ध नहीं थीं। वहीं झाल से विजयसोता जा रही दूसरी नाव, जिसका संचालन सुआ केवट कर रहा था, उसमें निर्धारित संख्या से कम सुरक्षा उपकरण पाए गए।

नाव संचालकों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई 
प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि यात्रियों की सुरक्षा से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। नियमों की अनदेखी करने वाले नाव संचालकों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।