एवीएस न्यूज. भोपाल 


 विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर एचसीजी कैंसर हॉस्पिटल, इंदौर ने शहरभर में 1,500 से अधिक नागरिकों तक पहुंचने वाला व्यापक जन-जागरूकता अभियान आयोजित किया। इस अभियान का उद्देश्य लोगों को तंबाकू सेवन और मुख कैंसर के खतरों के प्रति जागरूक करना था। अभियान के तहत शहर के व्यस्त सार्वजनिक स्थानों जैसे द हब, अपोलो हाई स्ट्रीट और नेक्सस मॉल में नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किए गए।

इन नाटकों में तंबाकू की लत के स्वास्थ्य और पारिवारिक जीवन पर पडऩे वाले प्रभाव, मुख कैंसर के शुरुआती लक्षण, और समय पर चिकित्सकीय परामर्श लेने की आवश्यकता को दर्शाया गया। 
जनसहभागिता बढ़ाने के लिए हर स्थल पर विशेष ‘पान स्पॉट्स’ भी स्थापित किए गए, जहां नागरिकों को तंबाकू से होने वाले खतरों और मुक्ति के उपायों के बारे में जानकारी दी गई। एचसीजी कैंसर हॉस्पिटल, इंदौर के सीओओ नितिन बमनिया ने कहाकि हमारा उद्देश्य अस्पताल की सीमाओं से बाहर निकलकर सीधे समुदाय से जुडऩा है और लोगों को तंबाकू सेवन से होने वाले खतरों के प्रति जागरूक करना है।

इंदौर में मिली शानदार प्रतिक्रिया ने साबित किया कि सामुदायिक सहभागिता से जागरूकता फैलाना कितना महत्वपूर्ण है। सर्जिकल ऑन्कोलॉजिस्ट डॉ. नयन गुप्ता ने कहा कि भारत में मुख कैंसर के कई मामले उन्नत अवस्था में सामने आते हैं क्योंकि लोग शुरुआती लक्षणों की अनदेखी करते हैं। इस तरह के अभियान लोगों को रोकथाम, शुरुआती पहचान और समय पर चिकित्सकीय सहायता लेने के महत्व के बारे में शिक्षित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

अभियान को सभी स्थानों पर लोगों का उत्साहपूर्ण सहयोग मिला, और सैकड़ों नागरिकों ने रुककर नुक्कड़ नाटक देखा तथा जागरूकता टीमों के साथ संवाद किया। एचसीजी कैंसर हॉस्पिटल ने जनशिक्षा और सामुदायिक कहानी-कथन के माध्यम से तंबाकू मुक्त समाज की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया।