एवीएस न्यूज.मुंबई 
इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (आईओसी) ने एनपीसीआई  और टाटा डॉट कार्स से टोनटैग की सहायताके कनेक्टेड वाहनों के लिए भारत का पहला इन-कार फ्यूल पेमेंट सॉल्यूशन लॉन्च किया है। इस सुविधा के जरिए ग्राहक इंडियनऑयल के रिटेल आउटलेट पर ईंधन भरवाने के बाद अपने वाहन के डैशबोर्ड से ही भुगतान कर सकेंगे।

इस नई सुविधा को ग्लोबल फिनटेक फेस्ट  2026 के दौरान लॉन्च किया गया। कंपनी के मुताबिक, इसका उद्देश्य ईंधन भुगतान को अधिक तेज, सुरक्षित और सुविधाजनक बनाना है।


मोबाइल ऐप या कार्ड की जरूरत नहीं

नए पेमेंट सॉल्यूशन के तहत ग्राहक को ईंधन भरवाने के बाद अलग से मोबाइल ऐप, कार्ड या किसी अन्य भुगतान माध्यम का इस्तेमाल नहीं करना होगा। भुगतान सीधे कनेक्टेड कार के इंटरफेस के जरिए किया जा सकेगा।

यह सॉल्यूशन एनपीसीआई के यूपीआई इकोसिस्टम में आईओटी  डिवाइसेज और सॉफ्टवेयर को जोड़ने की पहल का लाभ उठाता है। इसके जरिए वाहन खुद डिजिटल पेमेंट के माध्यम के रूप में काम करेगा।
बिना मोबाइल नंबर साझा किए मिलेंगे रिवॉर्ड पॉइंट्स

इस सुविधा में इंडियनऑयल केएक्स्ट्रा रिवार्ड्स लॉयल्टी प्रोग्राम को भी इंटीग्रेट किया गया है। पात्र ग्राहकों को लेनदेन के दौरान अपना मोबाइल नंबर साझा किए बिना ही रिवॉर्ड पॉइंट्स अर्जित करने की सुविधा मिलेगी।
कंपनी के अनुसार, इंडियन ऑयल के बड़े फ्यूल रिटेल नेटवर्क, टाटा डॉट कार्स कनेक्टेड ऑटोमोबाइल इकोसिस्टम और एनपीसीआई के डिजिटल पेमेंट इंफ्रास्ट्रक्चर को एक साथ लाकर यह सुविधा विकसित की गई है।

भारत के कनेक्टेड मोबिलिटी सेक्टर में नई पहल

इंडियन ऑयल का कहना है कि यह सहयोग भारत में कनेक्टेड मोबिलिटी के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। कंपनी के मुताबिक, वह अपने रिटेल आउटलेट्स पर इन-कार पेमेंट अनुभव शुरू करने वाला देश का पहला फ्यूल रिटेलर बन गया है। इस तकनीक से भविष्य में वाहनों के भीतर से ही पेमेंट, कॉमर्स और अन्य डिजिटल सेवाओं को उपलब्ध कराने की संभावनाएं भी बढ़ेंगी।
43 हजार से ज्यादा रिटेल आउटलेट्स का नेटवर्क

इंडियनऑयल पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय के तहत आने वाली महारत्न सीपीएसई है और देश की प्रमुख रिफाइनिंग एवं ईंधन कंपनियों में शामिल है। कंपनी के पास देशभर में रिफाइनरी, पाइपलाइन, टर्मिनल और रिटेल नेटवर्क का व्यापक ढांचा है।

इंडियन ऑयल के देशभर में 43,000 से अधिक रिटेल आउटलेट्स हैं। कंपनी इन आउटलेट्स को धीरे-धीरे एकीकृत ऊर्जा केंद्रों में बदलने की दिशा में काम कर रही है, जहां पारंपरिक ईंधन के साथ ईवी चार्जिंग और अन्य ग्राहक-केंद्रित मोबिलिटी सेवाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं।