राजभवन परिसर में मनाया गया अंतरराष्ट्रीय योग दिवस, 60 से अधिक महिलाओं ने लिया हिस्सा
एवीएस न्यूज. भोपाल
राजभवन परिसर स्थित लोक भवन में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर सामूहिक योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम अखिल भारत वर्षीय दिगंबर जैन महिला परिषद, मैना सुंदरी संभाग द्वारा संभाग अध्यक्ष संगीता जैन तारण के नेतृत्व में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लेते हुए योगाभ्यास किया और नियमित योग करने की शपथ ली। इस अवसर पर लगभग 60 से 70 सदस्यों की उपस्थिति रही।

अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त योगाचार्य राजीव जैन “त्रिलोक जी” ने प्रतिभागियों को योग के विभिन्न आसनों की जानकारी दी और बताया कि किस आसन से शरीर को क्या लाभ मिलता है। उन्होंने योग के माध्यम से सकारात्मक ऊर्जा को आत्मसात करने की विधियों पर भी प्रकाश डाला।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राज्यपाल मंगुभाई छगनभाई पटेल का संदेश स्क्रीन पर प्रसारित किया गया, जिसे उपस्थित लोगों ने ध्यानपूर्वक सुना। इसके बाद सभी प्रतिभागियों ने सामूहिक रूप से योगाभ्यास किया।

योग सत्र के बाद प्रतिभागियों को स्वास्थ्यवर्धक आहार के रूप में अंकुरित अनाज, फल और गिलोय जूस का सेवन कराया गया।
इस अवसर पर परिषद की प्रांतीय उपाध्यक्ष वंदना सिंघई और प्रांतीय सह सचिव जयंती भी उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए योग को दैनिक जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।






