मंडी बोर्ड कर्मचारियों का संभागीय सम्मेलन संपन्न, 500 से अधिक कर्मचारी हुए शामिल
एवीएस न्यूज.भोपाल
मंडी बोर्ड मध्य प्रदेश के अंतर्गत संयुक्त संघर्ष मोर्चा, भोपाल द्वारा इंदौर संभागीय कर्मचारियों का एक दिवसीय सम्मेलन ओंकारेश्वर में आयोजित किया गया। इस सम्मेलन में लगभग 500 कर्मचारी और अधिकारी शामिल हुए।
प्रदेशाध्यक्ष ठाकुर संतोष सिंह दीक्षित ने बताया कि इस सम्मेलन का उद्देश्य कर्मचारियों, अधिकारियों और संगठन के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करना तथा समस्याओं का समाधान संगठनात्मक माध्यम से करना है।
कार्यक्रम में संयोजक बीबी फौजदार समेत कई दिग्गज मौजूद रहे, जिनमें अंगीरा पांडे, रामवीर किरार, वीरेंद्र नरवरिया, प्रभारी अध्यक्ष योगेश बर्वे, अरविंद परिहार और प्रदीप शर्मा शामिल हैं। सम्मेलन में कर्मचारियों की समस्याओं और उनके समाधान पर विस्तार से चर्चा की गई।
वक्ताओं ने बताया कि संगठन ने कई मांगों को पूरा कराने में भूमिका निभाई है, जिनमें स्थायीकरण, दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों का नियमितीकरण तथा पदनाम उन्नयन शामिल हैं।
प्रमुख निर्णय और घोषणाएं
संयोजक बीबी फौजदार ने जानकारी दी कि मंडी बोर्ड मध्य प्रदेश की 135वीं बैठक में आरक्षित निधि को 10 प्रतिशत से बढ़ाकर 15 प्रतिशत किया गया है।
उन्होंने कहा कि शेष लंबित मांगों, विशेषकर वेतन विसंगति और अन्य मामलों का समाधान शीघ्र किया जाएगा। इस अवसर पर रामवीर किरार (खंडवा मंडी सचिव) को कर्मचारी संघ का प्रदेशाध्यक्ष घोषित किया गया।
कार्यक्रम में सभी अतिथियों का पुष्पहार से स्वागत किया गया तथा ओंकारेश्वर के ओंकार जी महाराज का स्मृति चिन्ह भेंट किया गया। संगठन के पदाधिकारियों ने आश्वासन दिया कि शेष मांगों को आगामी दो महीनों में पूरा कराने का प्रयास किया जाएगा। कुल मिलाकर यह सम्मेलन कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान, संगठनात्मक मजबूती और भविष्य की रणनीति तय करने के लिए एक महत्वपूर्ण मंच साबित हुआ।






