बैंक ऑफ बड़ौदा ने किया मेगा प्रॉपर्टी एंड ऑटो एक्सपो आयोजित
एवीएस न्यूज. भोपाल
राजधानी भोपाल में बैंक ऑफ बड़ौदा मेगा प्रॉपर्टी एंड ऑटो एक्सपो 2026 का आयोजन किया गया । इस दो दिवसीय कार्यक्रम में भोपाल के प्रमुख बिल्डर्स अपनी उच्च गुणवत्ता वाले अनुमोदित आवासीय प्रोजेक्ट्स की एक विस्तृत श्रृंखला एवं विशेष ऑफर के साथ शामिल हुए ।
इस एक्स्पो में बिल्डर्स के साथ-साथ भोपाल के प्रमुख कार डीलर्स भी शामिल हुए । एक्सपो के पहले और दूसरे दोनों दिन घर एवं कार खरीदारों की अच्छी-खासी भीड़ देखी गई । इस अवसर का लाभ लेते हुए घर ख़रीदारों ने निर्माणाधीन परियोजनाओं और रिडेवलपमेंट प्रॉपर्टीज़ सहित किफायती, मध्यम आय, प्रीमियम और लक्जरी सेगमेंट के विकल्प देखे ।
कार्यक्रम का उद्घाटन क्रेडाई के प्रेसीडेंट मनोज सिंह मीक, बैंक ऑफ बड़ौदा के महाप्रबंधक (रिटेल लेंडिंग), बीसीसी, मुंबई से आए राजेश कुमार सिंह, भोपाल अंचल के महाप्रबंधक एवं अंचल प्रमुख शैलेष कुमार पारख, उप महाप्रबंधक- अनुपालन एवं आश्वासन मदन पाल सिंह, सहायक महाप्रबंधक व्यवसाय विकास महेंद्र कुमार वर्मा तथा भोपाल क्षेत्र के क्षेत्रीय प्रमुख एवं उप महाप्रबंधक दीपेश कुमार ने की ।
बैंक ऑफ बड़ौदा, महाप्रबंधक (रिटेल बैंकिंग), बीसीसी, मुंबई राजेश कुमार सिंह, ने कहा कि - इस एक्स्पो का मुख्य प्रयोजन संभावित घर खरीदारों और वाहन ख़रीदारों को एक ही छत के नीचे उनकी आवश्यकतानुसार सभी सुविधाएं उपलब्ध कराना तथा उनके सभी सवालों के जवाब तत्काल हमारे एक्सपर्ट द्वारा उपलब्ध कराना है ।
बैंक ऑफ बड़ौदा, भोपाल अंचल के अंचल प्रमुख शैलेष कुमार पारख ने कहा कि घर और गाड़ी खरीदना आज की युवा पीढ़ी के लिए लक्जरी नहीं आवश्यकता बन गई है । एक अग्रणी और विश्वसनीय हाउसिंग फायनांस प्रदाता के रूप में बैंक ऑफ बड़ौदा मेगा प्रॉपर्टी एंड ऑटो एक्सपो एक ऐसे प्लेटफॉर्म के रूप में कार्य कर रहा है जो इस क्षेत्र के अग्रणी डेवलपर्स, अनुमोदित हाउसिंग परियोजनाओं और बैंक द्वारा प्रदत्त ऋण सुविधाओं को एक ही स्थान पर लेकर आया है ताकि ग्राहकों को एक सहज अनुभव प्रदान किया जा सके। एक्सपो को मिला फीडबैक बहुत उत्साहजनक रहा है।

