भोपाल/उमरिया, एवीएस न्यूज।


प्रदेश में जल संरक्षण को जन-आंदोलन बनाने की दिशा में चल रहे प्रयास अब जमीन पर असर दिखाने लगे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की पहल पर संचालित जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत पारंपरिक जल स्रोतों के संरक्षण और पुनर्जीवन का कार्य तेजी से किया जा रहा है।

इसी कड़ी में कलेक्टर श्रीमती राखी सहाय के मार्गदर्शन में जल संसाधन विभाग द्वारा उमरार डेम और उससे जुड़ी कैनल की व्यापक साफ-सफाई कराई गई। इस अभियान में विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों ने श्रमदान करते हुए सक्रिय भागीदारी निभाई।

अभियान के दौरान डेम और कैनल में जमा गाद, कचरा और जल प्रवाह में बाधा उत्पन्न करने वाली झाड़ियों को हटाया गया। इससे जल संग्रहण क्षमता बढ़ने के साथ-साथ सिंचाई व्यवस्था भी अधिक सुचारु होने की उम्मीद है, जिससे किसानों को सीधा लाभ मिलेगा।

जल संसाधन विभाग के कार्यपालन यंत्री ने बताया कि इस तरह के प्रयास जल स्रोतों के संरक्षण में अहम भूमिका निभाते हैं। इससे भू-जल स्तर में सुधार होता है और भविष्य के लिए जल उपलब्धता सुनिश्चित होती है।

कार्यक्रम के अंत में आमजन से अपील की गई कि वे जल स्रोतों को स्वच्छ बनाए रखने, वर्षा जल संचयन अपनाने और जल संरक्षण को अपनी दिनचर्या में शामिल कर इस अभियान को जन-आंदोलन बनाने में सहयोग करें।