एवीएस न्यूज..भोपाल 
केनरा बैंक ऑफिसर्स एसोसिएशन (सीबीओए) ने बैंक के कासा (करंट अकाउंट और सेविंग्स अकाउंट) आधार को मजबूत करने और व्यवसाय वृद्धि को गति देने के उद्देश्य से 'लेट्स गो बियॉन्ड टू ग्रो बियॉन्ड' अभियान की शुरुआत की है। अभियान का शुभारंभ भोपाल में आयोजित अधिकारियों की बैठक में किया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए सीबीओए  के महासचिव एवं अखिल भारतीय बैंक अधिकारी परिसंघ (एआईबीओसी) की आगामी वेतन समझौता वार्ता समिति के सह-अध्यक्ष के. रवि कुमार ने कहा कि बैंकिंग क्षेत्र वर्तमान में कई चुनौतियों का सामना कर रहा है।

उन्होंने कहा कि सीडी रेशियो, नेट इंटरेस्ट मार्जिन (एनआईएम ) और कासा को मजबूत करना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। प्रतिस्पर्धी बैंकिंग माहौल में बेहतर व्यावसायिक प्रदर्शन ही बैंक और अधिकारियों की सफलता का आधार बनेगा। उन्होंने कहा कि अभियान के तहत अधिकारियों से अपने नियमित दायित्वों से आगे बढ़कर कासा वृद्धि, गुणवत्तापूर्ण व्यवसाय, बेहतर ग्राहक सेवा और बैंक के समग्र विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया गया है।


केनरा बैंक ऑफिसर्स एसोसिएशन के उपाध्यक्ष केके त्रिपाठी ने बताया कि के. रवि कुमार ने कहा कि केनरा बैंक ऑफिसर्स एसोसिएशन ने हमेशा "मदर  बैंक फर्स्ट" की भावना को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। इसी सोच के अनुरूप यह अभियान शुरू किया गया है, ताकि अधिकारी बैंक के व्यवसाय को नई गति देने में सक्रिय योगदान दें।

उन्होंने कहा कि यह केवल एक नारा नहीं, बल्कि प्रत्येक अधिकारी की बैंक के प्रति प्रतिबद्धता और उत्तरदायित्व का प्रतीक है। उन्होंने विश्वास जताया कि केनरा बैंक के अधिकारी अपनी टीम भावना, सकारात्मक सोच और समर्पण के साथ इस अभियान को सफल बनाएंगे तथा बैंक को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।