एवीएस न्यूज.उमरिया/भोपाल 
जिले में आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई कार्यक्रम में राखी सहाय और अभय सिंह ने दूर-दराज से आए 149 आवेदकों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों को त्वरित निराकरण के लिए निर्देशित किया।

जनसुनवाई में नागरिकों ने भूमि विवाद, आवास, सीमांकन, मुआवजा और मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं रखीं। कई आवेदकों ने अपनी पुस्तैनी भूमि से कब्जा हटवाने, नक्शा तरमीम, सीमांकन, पीएम आवास योजना के लाभ और सिंचाई संबंधी मुआवजे जैसी मांगें प्रस्तुत कीं।

ग्राम कछरवार के विजय कुमार रजक ने मेड़ बंधान नष्ट करने पर कार्रवाई की मांग की, जबकि नौगवा की मनीषा सिंह ने पुस्तैनी भूमि से कब्जा हटाने का आवेदन दिया। ग्राम भरौला के मनीलाल बैगा ने आराजी का पट्टा दिलाने की मांग रखी। इसी तरह बड़ागांव के बुद्धसेन यादव ने प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने की अपील की।

इसके अलावा दुलहरी के पंचम सिंह ने सिंचाई विभाग से बांध के मुआवजे की मांग की, चंदवार की रानी बाई ने मकान मरम्मत के लिए सहायता राशि और खुटार के मिहीलाल कोल ने रास्ता उपलब्ध कराने का अनुरोध किया।

कार्यक्रम में अपर कलेक्टर प्रमोद कुमार सेनगुप्ता, संयुक्त कलेक्टर अमित सिंह और एसडीएम बांधवगढ़ अम्बिकेश प्रताप सिंह सहित कई जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

अधिकारियों ने सभी आवेदनों को संबंधित विभागों को प्रेषित कर समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। प्रशासन ने कहा कि जनसुनवाई का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान और सरकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना है।