एवीएस न्यूज. मानपुर/  भोपाल


जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण पर रोक लगाने के लिए प्रशासन द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में कलेक्टर श्रीमती राखी सहाय के निर्देशन में खनिज विभाग की संयुक्त टीम ने ग्राम लोढ़ा, तहसील चंदिया में बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया।


जांच के दौरान रेलवे लाइन निर्माण कार्य में अवैध रूप से उत्खनित मुरुम के उपयोग की पुष्टि हुई। इसके बाद टीम ने मौके से एक टाटा हिटाची हाइड्रोलिक एक्सकेवेटर (पोकलेन मशीन, मॉडल EX 200 LC सुपरप्लस, सीरियल नंबर SP 20-58709) तथा एक हाइवा वाहन (क्रमांक CG 10 BU 2634) को जप्त कर लिया।

इस कार्रवाई में खनि अधिकारी डॉ. विद्याकांत तिवारी, सहायक खनि अधिकारी दिवाकर चतुर्वेदी, खनि निरीक्षक प्रभात कुमार पट्टा, प्रभारी खनि निरीक्षक एन.एस. आर्मो सहित अन्य अधिकारी एवं सुरक्षाकर्मी शामिल रहे।


खनिज विभाग ने बताया कि संबंधित वाहनों के विरुद्ध मध्यप्रदेश खनिज (अवैध खनन, परिवहन तथा भंडारण का निवारण) नियम 2022 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि कलेक्टर एवं खनि अधिकारी के निर्देशन में जिलेभर में लगातार सघन जांच अभियान जारी रहेगा और अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण पाए जाने पर आगे भी कठोर कार्रवाई की जाएगी।