एवीएस न्यूज.मानपुर / भोपाल


जिले के अमरपुर क्षेत्र के उमरिया, बकेली, बदक्षड़, बेल्दी और पड़वार गांवों में प्रशासनिक प्रतिबंध के बावजूद अवैध बोरिंग का मामला सामने आया है। स्थानीय लोगों के अनुसार, दिनदहाड़े भारी मशीनों से बिना अनुमति बोर होल किए जा रहे हैं, जिससे भूजल दोहन पर रोक के नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ रही हैं।


नियमों की अनदेखी, खुलेआम बोरिंग
ग्रामीणों का कहना है कि जलस्तर में लगातार गिरावट के कारण प्रशासन द्वारा नए बोर पर रोक लगाई गई है, लेकिन इसके बावजूद कुछ लोग नियमों को ताक पर रखकर बोरिंग करा रहे हैं। आरोप है कि इन गतिविधियों पर संबंधित विभागों की ओर से कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है।


स्थानीय लोगों में नाराजगी
ग्रामीणों का आरोप है कि कई स्थानों पर दिन और रात दोनों समय मशीनें चलती हैं, लेकिन निगरानी या जांच के नाम पर कोई कार्रवाई नहीं होती। इससे बोरिंग माफियाओं के हौसले और अधिक बढ़ते जा रहे हैं।
 

विभागीय भूमिका पर सवाल
स्थानीय लोगों ने यह भी सवाल उठाया है कि राजस्व विभाग के हल्का आरआई और पटवारी क्षेत्र में मौजूद होने के बावजूद अवैध बोरिंग की जानकारी उच्च अधिकारियों तक क्यों नहीं पहुंचाई जा रही है। इससे प्रशासनिक निगरानी व्यवस्था पर भी प्रश्न खड़े हो रहे हैं।


बाहरी मशीनों के इस्तेमाल का आरोप
सूत्रों के अनुसार, कटनी जिले के बरही क्षेत्र से मशीनें लाकर अमरपुर और आसपास के इलाकों में बोरिंग कराई जा रही है। आरोप है कि एजेंट प्रतिबंध का हवाला देकर किसानों से मनमानी रकम वसूल रहे हैं।