एवीएस  न्यूज . नई दिल्ली
भारत के घरेलू एंड्रॉइड ऐप मार्केटप्लेस, इंडस ऐपस्टोर ने आज मोटोरोला के साथ साझेदारी की घोषणा की है। इस साझेदारी के बाद, भारत में मोटोरोला के डिवाइसेस पर इंडस ऐपस्टोर उपलब्ध होगा। इससे इंडस ऐपस्टोर पहले से ज्यादा डिवाइसेस पर उपलब्ध हो पाएगा और भारत में मोटोरोला के यूजर्स को पर्सनलाइज्ड ऐप डिस्कवरी अनुभव मिल सकेगा।
इंडस ऐपस्टोर, भारतीय ग्राहकों को ऐप की दुनिया में एक बेहतर विकल्प देता है। इसे विशेष रूप से यूजर्स की पसंद और देश की विविध संस्कृति को ध्यान में रखकर बनाया गया है।

हर भारतीय स्मार्टफोन यूजर तक पहुँचने के लिए, यह प्लेटफॉर्म अंग्रेजी के साथ-साथ अन्य 12 भाषाओं में अपनी सुविधाएँ उपलब्ध कराता है। इसमें AI-पावर्ड वॉयस सर्च भी है, जिससे यूजर को क्षेत्रीय भाषा के कठिन शब्द टाइप नहीं करने पड़ते। इसके साथ ही, वीडियो प्रीव्यू की सुविधा यूजर्स को किसी ऐप को डाउनलोड करने से पहले उसके फंक्शन को विजुअली एक्सपीरियंस करने का मौका देती है।
इंडस ऐपस्टोर अपनी बेहतरीन ऐप स्टोर नीतियों के कारण, भारत के डेवलपर्स और ऐप्स के लिए एक अनुकूल माहौल तैयार करता है। यह वितरण के लिए केवल एक ही स्रोत पर निर्भरता को कम करता है और जिससे बाज़ार में एक मजबूत और प्रतिस्पर्धात्मक विकल्प सामने आता है। यह कदम न केवल बड़ी संख्या में स्थानीय डेवलपर्स को सशक्त और सक्षम बनाएगा, बल्कि भारतीय डेवलपर इकोसिस्टम को वैश्विक मंच पर सफल होने के लिए बढ़ावा भी देगा।

इंडस ऐपस्टोर की चीफ बिजनेस ऑफिसर, प्रिया एम. नरसिम्हन जी ने इस महत्वपूर्ण प्रगति पर उत्साह के साथ कहा, "हमें मोटोरोला के साथ साझेदारी करके बहुत खुशी हो रही है, इसके माध्यम से हम अधिक से अधिक भारतीयों को इंडस ऐपस्टोर का अनुभव आसानी से उपलब्ध करा पाएंगे। यह साझेदारी पूरे भारतीय बाजार की सेवा करने की हमारी प्रतिबद्धता को मजबूत करती है।

 उन्होंने आगे कहा, "यह ऐप स्टोर सही मायने में 'मेड-फॉर-इंडिया' की भावना को दर्शाता है और भारतीय ऐप अर्थव्यवस्था में बड़ा बदलाव लाने के एक महत्वपूर्ण मोड़ पर खड़ा है। यह सहयोग हमारे उस लक्ष्य को बल देता है कि हम भारतीयों को एक ऐसा बेहतरीन विकल्प दें, जहाँ वे सहजता से अपने क्षेत्र के हिसाब से ऐप्स को ढूँढ सकें और डाउनलोड कर पाएँ।"

मोटोरोला मोबिलिटी इंडिया के मैनेजिंग डायरेक्टर, टी. एम. नरसिम्हन  ने भी अपना उत्साह व्यक्त करते हुए कहा, “मोटोरोला में, हमने हमेशा भारत में अपने यूजर्स को एक उत्कृष्ट और उनके क्षेत्र के हिसाब से अनुभव देने को प्राथमिकता दी है और इंडस ऐपस्टोर हमारे इस दृष्टिकोण पर पूरी तरह से खरा उतरता है। इस स्वदेशी प्लेटफॉर्म को एकीकृत करके, हम यूजर्स को एक नया माध्यम प्रदान कर रहे हैं जो उनको अपनी संस्कृति के हिसाब से ऐप खोजने का विकल्प देकर उनके अनुभव को बेहतर बनाता है। इस साझेदारी से भारतीय डेवलपर्स को भी लाभ होगा। इस सहयोग से एक और बड़ा लाभ यह है कि इंडस ऐपस्टोर का विशिष्ट वितरण मॉडल, भारतीय डेवलपर्स को उनके सही यूजर्स को जोड़ेगा।”