आईपीओ से जुटाई रकम में से 27,500 करोड़ कर्ज चुकाने में लगाए जाएंगे


 एवीएस न्यूज.नई दिल्ली 
रिलायंस ग्रुप की टेलीकॉम कंपनी जियो प्लेटफॉर्म्स लिमिटेड  के शेयर बाजार में लिस्ट होने का रास्ता साफ हो गया है। भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड  ने कंपनी के प्रस्तावित इनिशियल पब्लिक ऑफर  को मंजूरी दे दी है। इसके साथ ही देश के बहुप्रतीक्षित आईपीओ में शामिल जियो के बाजार में प्रवेश की प्रक्रिया आगे बढ़ सकेगी।

जियो प्लेटफॉर्म्स ने 19 जून को ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस दाखिल किया था। प्रस्तावित आईपीओ में कंपनी 27 करोड़ नए शेयर जारी करेगी। नए शेयर जारी होने के बाद कंपनी की करीब 2.93 फीसदी हिस्सेदारी कम होगी।


 27,500 करोड़ से चुकाया जाएगा कर्ज
आईपीओ से जुटाई जाने वाली रकम का बड़ा हिस्सा कंपनी के कर्ज को कम करने में इस्तेमाल किया जाएगा। प्रस्तावित योजना के अनुसार, करीब 27,500 करोड़ रुपए की राशि कर्ज चुकाने के लिए इस्तेमाल की जाएगी। इससे कंपनी की वित्तीय स्थिति को मजबूत करने और कर्ज का बोझ कम करने में मदद मिल सकती है।

जियो प्लेटफॉर्म्स में रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (आरआईएल) सबसे बड़ा शेयरधारक है। कंपनी के पास जियो प्लेटफॉर्म्स की 66.43 फीसदी हिस्सेदारी है। इसके अलावा मेटा प्लेटफ़ॉर्म की 9.98 प्रतिशत और गूगल की 7.73 प्रतिशत है।

अन्य प्रमुख निवेशकों में सऊदी अरब का पब्लिक इन्वेस्टमेंट फंड (पीआईएफ), केकेआर और विस्टा इक्विटी पार्टनर्स शामिल हैं। इन तीनों के पास जियो प्लेटफॉर्म्स में 2.31-2.31 प्रतिशत शेयर हैं। वहीं सिल्वर लेक का स्टॉक 1.88 फीसदी है।