एवीएस न्यूज.. हैदराबाद 
 इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (आईओसीएल) ने  अकासा एयर के साथ विंग्स इंडिया 2026 के अवसर पर सस्टेनेबल एविएशन फ्यूल (एसएएफ ) की संभावित आपूर्ति को लेकर एक लेटर ऑफ इंटेंट (एलओआई) पर हस्ताक्षर किए।

इस आशय पत्र का उद्देश्य दोनों कंपनियों के बीच एक सहयोगात्मक ढांचा विकसित करना है, जिसके माध्यम से अकासा एयर के सस्टेनेबिलिटी और कार्बन न्यूट्रलिटी लक्ष्यों को समर्थन दिया जा सके। इसके तहत भविष्य में एसएएफ की आपूर्ति की संभावनाओं का आकलन किया जाएगा।

सस्टेनेबल एविएशन फ्यूल विमानन क्षेत्र में ग्रीनहाउस गैस उत्सर्जन को कम करने का एक महत्वपूर्ण माध्यम माना जाता है और यह नेट-ज़ीरो उत्सर्जन की दिशा में विमानन उद्योग के संक्रमण में अहम भूमिका निभाने वाला है।


इस अवसर पर आईओसी के कंट्री हेड (एविएशन बिजनेस) शैलेश धर ने कहा कि यह आशय पत्र कम-कार्बन ईंधनों को बढ़ावा देने और हमारे ग्राहकों को ऊर्जा संक्रमण की दिशा में सहयोग देने की हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाता है। ईंधन उत्पादन, आपूर्ति और लॉजिस्टिक्स में अपनी विशेषज्ञता के माध्यम से हम एसएएफ के शुरुआती उपयोग को सक्षम बनाने में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाने का प्रयास करेंगे।

एलओआई के अंतर्गत, दोनों कंपनियाँ संभावित एसएएफ आपूर्ति मात्रा, डिलीवरी स्थान, समयसीमा, तथा स्वीकृत सतत कच्चे माल और उत्पादन प्रक्रियाओं के उपयोग का संयुक्त रूप से मूल्यांकन करेंगी। यह साझेदारी भारत के विमानन क्षेत्र में हरित और सतत भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।