एवीएस न्यूज.उमरिया / भोपाल

मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के अंतर्गत वरिष्ठ नागरिकों को अयोध्या और काशी के दर्शन कराने के लिए विशेष ट्रेन 31 जुलाई को रवाना होगी। उमरिया जिले को इस यात्रा के लिए 262 यात्रियों का कोटा आवंटित किया गया है। इच्छुक पात्र नागरिक 17 जुलाई तक आवेदन कर सकते हैं।

कलेक्टर राखी सहाय ने बताया कि योजना का लाभ 60 वर्ष या उससे अधिक आयु के ऐसे वरिष्ठ नागरिकों को मिलेगा जो आयकरदाता नहीं हैं। महिलाओं को आयु सीमा में दो वर्ष की छूट प्रदान की गई है।

उन्होंने बताया कि 65 वर्ष से अधिक आयु के ऐसे यात्री जो अकेले यात्रा करना चाहते हैं, वे एक सहायक को साथ ले जा सकते हैं। वहीं, 65 वर्ष से अधिक आयु के 3 से 5 लोगों के समूह को भी एक सहायक ले जाने की अनुमति होगी। हालांकि, पति-पत्नी के साथ यात्रा करने की स्थिति में सहायक की अनुमति नहीं होगी।

धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग के निर्देशानुसार आवेदन केवल विभाग की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन स्वीकार किए जाएंगे। सभी आवेदनों की पोर्टल पर प्रविष्टि 17 जुलाई दोपहर 2 बजे तक पूरी की जाएगी।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि निर्धारित कोटे से अधिक आवेदन प्राप्त होते हैं, तो पात्र आवेदकों का चयन कम्प्यूटरीकृत लॉटरी के माध्यम से किया जाएगा। साथ ही, आवेदकों के नाम, आधार नंबर, मोबाइल नंबर और पते सहित सभी जानकारियों का सत्यापन करने के बाद ही आवेदन पोर्टल पर दर्ज किए जाएंगे।

कलेक्टर ने यह भी बताया कि जो व्यक्ति पहले मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना का लाभ ले चुके हैं, उनके आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। ऐसे मामलों की जांच सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए हैं।