भोपाल के बाद इंदौर और बुंदेलखंड दुग्ध संघ ने बढ़ाई दूध क्रय दर की राशि, क्रय मूल्य 840 प्रति रुपए किग्रा फैट हुआ
भोपाल। राज्य सरकार एवं राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड के मध्य हुए सहकारिता अनुबंध होने के बाद एमपी स्टेट को-आपरेटिव डेयरी फेडरेशन लिमिटेड (एमपीसीडीएफ) भोपाल से संबद्ध भोपाल दुग्ध संघ के बाद अब इंदौर सहकारी दुग्ध संघ और बुंदेलखण्ड दुग्ध संघ ने भी दुग्ध समितियों के दुग्ध उत्पादकों से क्रय किए जाने वाले दूध क्रय दर में तीसरी बार सर्वाधिक वृद्धि की गई है। दुग्ध उत्पादकों से अब 840 प्रति रुपए किग्रा फैट से दूध क्रय करने का निर्णय लिया गया है, जो प्रभावशील हो गया है।

इंदौर दुग्ध संघ के मुख्य कार्यपालन अधिकारी बलबीर शर्मा ने बताया कि इस कदम से 14000 पशुपालकों को दुग्ध संघ से जोड़ा जा रहा है, जो इस दूध क्रय दर वृद्धि का प्रत्यक्ष लाभ प्राप्त करेंगे। जबकि बुंदेलखण्ड दुग्ध संघ के मुख्य कार्यपालन अधिकारी संजय कुमार यादव ने कहा कि इस कदम से 5000 पशुपालकों को दुग्ध संघ से जोड़ा जा रहा है, जो इस दूध क्रय दर वृद्धि का प्रत्यक्ष लाभ प्राप्त करेंगे।
गौरतबल है कि संघ द्वारा दूध क्रय दर में वृद्धि करने एवं निर्धारित तिथियों में भुगतान होने पर दुग्ध उत्पादकों में जहां खुशी का माहौल है और दुग्ध उत्पादक पशुपालकों को आर्थिक लाभ होने के पशुपालन व्यवसाय में लोगों को रूचि दिन प्रति दिन बढ़ने लगी है। ज्ञात हो कि दुग्ध संघ द्वारा दुग्ध उत्पादकों को नियत तिथियों 03 तारीख, 13 तारीख और 23 तारीख में अनिवार्य रूप से नियमित भुगतान किया जा रहा है।
एमपी स्टेट को-आपरेटिव डेयरी फेडरेशन लिमिटेड के प्रबंध निदेशक डॉ. संजय गोवाणी ने कहा कि राज्य सरकार एवं राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड के मध्य हुए सहकारिता अनुबंध के अंतर्गत निर्धारित लक्ष्यों के अनुसार इंदौर दुग्ध संघ के कार्यक्षेत्र में 550 नवीन दुग्ध समितियों का गठन किया जा रहा है तो बुंदेलखण्ड दुग्ध संघ के कार्यक्षेत्र में इस वर्ष 130 नवीन दुग्ध समितियों का अब तक गठन किया जा चुका है।

