नगरीय विकास संचालनालय में क्रेडाई भोपाल की उच्च स्तरीय बैठक, शहरी सुधार–एआई इंडस्ट्री रोडमैप पर हुई विस्तृत चर्चा
एवीएस न्यूज.भोपाल
नगरीय विकास संचालनालय में कमिश्नर नगरीय विकास संकेत भौंडवे की अध्यक्षता में क्रेडाई भोपाल के प्रतिनिधिमंडल की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई।
बैठक में डायरेक्टर टाउन प्लानिंग, कलेक्टर भोपाल, कमिश्नर नगर निगम, स्मार्ट सिटी सीईओ, बीडीए सीईओ सहित शहरी विकास से जुड़े सभी प्रमुख अधिकारी उपस्थित रहे। क्रेडाई की ओर से अध्यक्ष मनोज मीक, विपिन गोयल, सुनील गुप्ता, दिनेश गोयल, नीरज मेकर, शिवनव प्रधान, नमन अग्रवाल और रौनक संहिता बैठक में शामिल हुए।
अध्यक्ष मनोज मीक ने राजधानी के शहरी विकास, रियल स्टेट रेगुलेशन, प्रक्रियागत चुनौतियों, बुनियादी ढांचे और निवेशक–अनुकूल वातावरण से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर सुझाव प्रस्तुत किए। क्रेडाई के प्रतिवेदन के प्रत्येक बिंदु पर विस्तृत समीक्षा की गई। कमिश्नर ने संबंधित विभागों को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए और क्रेडाई को विभागीय अधिकारियों के साथ समन्वय कर व्यावहारिक समाधान तैयार करने को कहा।
कमिश्नर ने बताया कि भोपाल में एआई आधारित स्मार्ट इंडस्ट्रीज के विकास हेतु राज्य सरकार एक समग्र रूपरेखा तैयार कर रही है। इस विषय पर ‘कमाल का भोपाल’ रिपोर्ट के प्रस्ताव की अलग से समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी। रेरा और मास्टर प्लान जैसे संवेदनशील मुद्दों पर बहुत संक्षिप्त चर्चा हुई। डायरेक्टर टाउन प्लानिंग ने कहा कि मास्टर प्लान को प्रकाशित करने की दिशा में कार्य प्रगति पर है। क्रेडाई ने भोपाल विकास योजना, भूमि विकास नियम, रेरा, नगरीय विकास, और नगर निगम से संबंधित विषयों पर 34 बिंदुओं का प्रतिवेदन कमिश्नर को सौंपा।
मुख्य निर्णय व निर्देश
मास्टर प्लान प्रक्रियाधीन; अधिसूचना तक धारा 16 के प्रकरणों पर विचार संभव। नए भूमि विकास नियमों को भोपाल में पूर्ण रूप से लागू करने हेतु टाउन प्लानिंग निदेशक को निर्देश। अर्बन लॉकर प्रणाली शीघ्र प्रारम्भ होगी; प्रोजेक्ट दस्तावेज डिजिटल रूप से सुरक्षित रखे जाएंगे। फायर एक्ट और लिफ्ट एक्ट लागू करने की तैयारी। टीडीआर पोर्टल को सरल और उपयोगकर्ता–अनुकूल बनाने के निर्देश। मॉडल टेनेंसी एक्ट लागू करने पर विचार। मेट्रोपॉलिटन सिटी नियम 15 दिनों में अधिसूचित किए जाएंगे। एलआईजी/ईडब्ल्यूएस आवास अब बहुमंजिला भवन स्वरूप में विकसित किए जा सकेंगे। फायर एनओसी में विलंब दूर करने हेतु विशेष बैठक आयोजित की जाएगी। चार एवं पाँच स्टार ग्रीन बिल्डिंग्स को अतिरिक्त एफएआर उपलब्ध होगा। परमिशन सॉफ्टवेयर का अपग्रेड किया जाएगा, क्रेडाई से सुझाव लिए जाएंगे। नगर निगम के सभी लंबित मुद्दों पर आयुक्त संस्कृति जैन एवं क्रेडाई की बैठक होगी।
बैठक को राजधानी में शहरी सुधार, पारदर्शिता और निवेशक–अनुकूल माहौल की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना गया। कमिश्नर ने कहा कि नगरीय प्रणाली को पूर्णतः डिजिटल और पारदर्शी बनाकर वास्तविक ईज ऑफ डूइंग बिजनेस सुनिश्चित किया जा रहा है।

