आरक्षण पोर्टल खुलने से पहले ही प्रमुख पर्यटन स्थलों के कमरे ‘आरक्षित’ दर्शाए जा रहे हैं,
एवीएस न्यूज,  भोपाल।

बीएचईएल द्वारा संचालित हॉलिडे होम्स की ऑनलाइन आरक्षण प्रक्रिया में पारदर्शिता एवं निष्पक्षता बनाए रखने की मांग को लेकर ऑल इंडिया बीएचईएल एम्प्लॉइज यूनियन संबद्ध एनएफआईटीयू का एक प्रतिनिधिमंडल गुरुवार को एजीएम मानव संसाधन सुरेखा बंछोर से मिला एवं उनके माध्यम से बीएचईएल निदेशक (मानव संसाधन) तजिंदर गुप्ता को ज्ञापन सौंपा गया। प्रतिनिधिमंडल में यूनियन के अध्यक्ष सतेंद्र कुमार, कार्यवाहक अध्यक्ष आशीष सोनी, कोषाध्यक्ष विशाल वाणी एवं वरिष्ठ उपाध्यक्ष रोहित कुमार उपस्थित रहे।
ज्ञापन में यूनियन ने बताया कि बीएचईएल हॉलिडे होम्स की आरक्षण प्रक्रिया 22 मई प्रारंभ होना है, लेकिन आरक्षण पोर्टल खुलने से पहले ही नैनीताल, शिमला एवं शिलांग जैसे प्रमुख पर्यटन स्थलों के कमरे ‘पूर्व से आरक्षित’ दर्शाए जा रहे हैं, जो गंभीर चिंता का विषय है। इससे प्रक्रिया की पारदर्शिता पर प्रश्नचिन्ह खड़े होते हैं तथा कर्मचारियों के बीच असंतोष एवं संदेह की स्थिति उत्पन्न हो रही है।

मामले की तत्काल निष्पक्ष जांच कराई जाने की मांग
यूनियन ने मांग की कि इस मामले की तत्काल निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा भविष्य में सभी कर्मचारियों को समान अवसर प्रदान करने हेतु एक पारदर्शी, निष्पक्ष एवं त्रुटिरहित व्यवस्था लागू की जाए, जिससे किसी भी प्रकार के पक्षपात की आशंका समाप्त हो सके। एआईबीईयू-एनएफआईटीयू ने कहा कि यूनियन सदैव कर्मचारियों के हितों की रक्षा एवं उनके अधिकारों के लिए संघर्षरत रही है और आगे भी कर्मचारियों की आवाज मजबूती से उठाती रहेगी।