एवीएस  न्यूज.भोपाल 

 भोपाल डेफ एसोसिएशन (बीडीए) के तत्वावधान में तथा मध्य प्रदेश डेफ स्पोर्ट्स सोसायटी (एमपीडीएसएस), इंदौर के सहयोग से 32वीं मध्य प्रदेश राज्य डेफ शतरंज चैंपियनशिप-2026 का आयोजन 19 जुलाई को कमला नेहरू हायर सेकेंडरी स्कूल (सीबीएसई), भोपाल में किया गया। प्रतियोगिता में भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर, सागर, उज्जैन, नर्मदापुरम (इटारसी), छिंदवाड़ा, विदिशा और रीवा सहित प्रदेशभर से 50 से अधिक श्रवण बाधित शतरंज खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।

प्रतियोगिता का शुभारंभ मध्य प्रदेश शासन के विधायक भगवानदास सबनानी ने मुख्य अतिथि के रूप में किया, जबकि समाजसेवी शशिकिरण नायक विशेष अतिथि रहीं। इस अवसर पर कमला नेहरू हायर सेकेंडरी स्कूल की प्राचार्य अनीता बाजपेयी, एमपीडीएसएस के अध्यक्ष संजय सोनी, भोपाल डेफ एसोसिएशन के चेयरमैन साजू स्टीफन तथा अध्यक्ष कमलेश डोंगरे भी मौजूद रहे।

कार्यक्रम के दौरान समाजसेवी शशिकिरण नायक को श्रवण बाधित समुदाय की 31 वर्षों की सेवा के लिए सम्मानित किया गया। विधायक भगवानदास सबनानी ने खिलाड़ियों की प्रतिभा की सराहना करते हुए डेफ खेलों को हरसंभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया। वहीं साजू स्टीफन ने डेफ खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए सरकार के साथ समन्वय मजबूत करने की आवश्यकता पर बल दिया।

भोपाल डेफ एसोसिएशन के महासचिव विकास रघुवंशी ने बताया कि यह पहली बार है जब इस राज्य स्तरीय चैंपियनशिप का आयोजन भोपाल में हुआ। उन्होंने आयोजन के लिए मध्य प्रदेश खेल एवं युवा कल्याण विभाग का सहयोग और प्रायोजन के लिए आभार व्यक्त किया।

प्रतियोगिता के विजेता

सीनियर बालक वर्ग

चैंपियन: सचिन सक्सेना (इंदौर) – 5 अंक
उपविजेता: प्रखर कुमरावत (इंदौर) – 5 अंक
तृतीय स्थान: विशाल बेन (सागर) – 5 अंक

सीनियर बालिका वर्ग

चैंपियन: पूनम तिवारी (सागर)
उपविजेता: जया तिवारी (सागर)

सब-जूनियर बालिका वर्ग

अलंकृता श्रीवास्तव (भोपाल) को सर्वश्रेष्ठ शतरंज खिलाड़ी (बेस्ट चेस अवॉर्ड) से सम्मानित किया गया।

प्रतियोगिता के समापन पर विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी, प्रमाण-पत्र और पुरस्कार प्रदान किए गए। साथ ही मध्य प्रदेश डेफ स्पोर्ट्स सोसायटी ने 17 से 21 सितंबर 2026 तक नई दिल्ली में आयोजित होने वाली 27वीं राष्ट्रीय डेफ शतरंज चैंपियनशिप के लिए मध्य प्रदेश की टीम का चयन भी किया।