प्रगतिशील पैनल के अध्यक्ष उम्मीदवार पाली बोले- चेंबर को राजनीति नहीं, प्रगति चाहिए, व्यापार को समर्थन और सुरक्षा चाहिए
हम सब व्यापारी है व्यापार ही हमारा धर्म है और व्यापार ही हमारा कर्म है
एवीएस न्यूज .भोपाल
राजधानी के व्यापारियों की शीर्ष संस्था भोपाल चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के त्रैवार्षिक चुनाव (2026-2029) में प्रगतिशील पैनल का नेतृत्व करते हुए अध्यक्ष पद के प्रत्याशी तेजकुलपाल सिंह पाली ने शहर के व्यापार विकास और व्यापारियों को एकसूत्र में पिरोए रहने की अपील करते हुए कहा कि चेंबर को राजनीति नहीं, प्रगति चाहिए, व्यापार को समर्थन और सुरक्षा चाहिए। हम सब व्यापारी है व्यापार ही हमारा धर्म है और व्यापार ही हमारा कर्म है। अत: चेंबर के सभी मेंबरों से मेरा यही आग्रह है कि चेंबर की कमान ऐसे लोगों को सौंपे जो अनुभवी होने के साथ चेंबर की प्रगति के लिए सदैव तत्पर हो और समय दें। इसके साथ ही व्यापारियों और व्यापारिक समस्याओं के लिए व्यापारियों की बीच पहुंचकर समस्या के निदान के लिए शासन-प्रशासन के बीच समन्वय स्थापित करें।
तेजकुलपाल सिंह पाली ने कहा कि भोपाल चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के सक्रिय सदस्य के रुप मैं 18 वर्षों से अधिक समय से हूं। मैनें सरकार के विभिन्न स्तरों पर संगठन और उसके सदस्यों के सामने आने वाले सभी मुद्दों को प्राथमिकता और तत्कालिकता पर उठाना जारी रखा है। यह गहरी चिंता का विषय था कि बीसीसीआई कोविड महामारी के दौरान निष्क्रिय बनी रही और लंबे लॉकडाउन के दौरान जीएसटी रिटर्न जैसे मुद्दे या होटल और रेस्टॉरेंट उद्योग पर मंडराते हुए भीषण संकट दूर करने की दिशा में किसी प्रकार की पहल का पूर्ण अभाव था। उन विषम परिस्थितियों में आप सभी ने मुझे अध्यक्ष के रुप में चुनकर इस गरिमामयी संस्था का दायित्व हमको दिया।
विभिन्न मुद्दे सरकार व प्रशासन के समक्ष पूरी दृढता से उठाए और अधिकांश में सफल रहे
इसके उपरांत मैने अथक प्रयास कर व्यापारी वर्ग के विभिन्न मुद्दे सरकार व प्रशासन के समक्ष पूरी दृढता से उठाए। जिसे अधिकांश समस्याओं का समाधान करवाने में हम सफल रहे। अनेक व्यापारियों का ट्रांसपोर्ट में माल गुम होने पर उन्हे राशि दिलाने में सफलता प्राप्त हुई। साथ ही अनेक व्यापारियों के लेन देन के विवाद को सुलझाने में सफलता प्राप्त हुई।
पाली ने कहा कि जब संस्था में हमारी टीम ने कार्य प्रारंभ किया था, उस समय संस्था का बैंक बेलेंस 23 लाख रुपए था। लेकिन अथक प्रयास और परिश्रम और आप सब व्यापारियों के सहयोग से चेंबर का बैंक बेलेंस 1 करोड़ 23 लाख रुपए तक पहुंच गया है। इसी के साथ 4 वार्षिक साधारण सभा व 8 होली व दीपावली मिलन समारोह आयोजित किए गए। जिसमें लगभग 1 करोड़ की राशि व्यय हुई।
जीएसटी विभाग द्वारा व्यापारी वर्ग के ट्रक व माल रोकने पर तत्परता से उन्हें सहायता उपलब्ध कराया
पाली ने कहा कि हमारे एक व्यापारी साथी राजकमल टेलर लखेरापुरा के मकान पर किसी ने कब्जा कर लिया था, जिसे प्रशासन के सहयोग से उन्हें वह मकान पुन: दिलवाने में सफलता प्राप्त की गई। हर त्योहारों के अवसर पर जीएसटी विभाग द्वारा व्यापारी वर्ग के ट्रक व माल रोकने पर अपने साथियों के साथ जाकर तत्परता से उन्हें सहायता उपलब्ध करने का सफल प्रयास किया।
व्यापारिक परिवारों की समस्याओं के प्रति समर्पित भाव
उन्होंने कहा कि भोपाल के सम्पत्ति धारकों पर नगर निगम द्वारा आरोपित व्यवसायिक कर व आउटडोर मीडिया डिवाईस कर के विरुद्ध व्यापारियों की ओर से बीसीसीआई द्वारा उच्च न्यायालय जबलपुर में एक रिट पिटिशन दायर की हुई है। जिसका निर्णय शीघ्र होना है। इसी तरह अनेक संस्थागत व व्यापारिक परिवारों की समस्याओं के प्रति समर्पित भाव से हम सदैव तत्पर रहकर कार्य कर रहे हैं। अत: विश्वास दिलाता हूं कि भविष्य में भी हम आपके लिए हरदम पूर्ण समर्पण से तत्पर रहेंगे।

