एवीएस न्यूज.भोपाल


देशभर में आयोजित राष्ट्रव्यापी हड़ताल का असर राजधानी भोपाल सहित मध्यप्रदेश में भी व्यापक रूप से देखने को मिला। हड़ताल के चलते दवाइयों के थोक कारोबार पर बड़ा प्रभाव पड़ा है। राजधानी भोपाल में करीब 20 करोड़ रुपए का दवा व्यापार प्रभावित हुआ, जबकि पूरे मध्यप्रदेश में यह आंकड़ा लगभग 300 करोड़ रुपए तक पहुंच गया।


भोपाल केमिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष जितेंद्र धाकड़ ने बताया कि राष्ट्रव्यापी हड़ताल के समर्थन में राजधानी भोपाल  के 4 हजार , मध्यप्रदेश के 40 हजार और देशभर में करीब 7-8 लाख मेडिकल स्टोर आज बंद है। उन्होंने कहाकि दवा व्यापारियों और संबंधित संगठनों के आह्वान पर कई मेडिकल स्टोर, थोक दवा बाजार और वितरण केंद्र बंद रहे, जिससे दवा सप्लाई की प्रक्रिया भी प्रभावित हुई। व्यापारियों का कहना है कि विभिन्न मांगों और नीतिगत मुद्दों को लेकर यह हड़ताल की गई है, ताकि सरकार तक उनकी आवाज पहुंच सके।

हड़ताल के कारण मरीजों और आम लोगों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ा। कई जगहों पर लोगों को जरूरी दवाइयां लेने में दिक्कत हुई, हालांकि आपातकालीन सेवाओं को ध्यान में रखते हुए कुछ मेडिकल स्टोर खुले रहे।


व्यापारिक संगठनों ने कहाकि दवा व्यापारियों का आक्रोश मुख्यता दो नोटिफिकेशन- जीएसआर 220(ई) और जीएसआर 817(ई)  को लेकर है।

उनका कहना है कि सरकार को दोनों नोटिफिकेशन को तत्काल प्रभान से वापस लेना चाहिए, क्योंकि इन प्रावधानों की वजह से ऑनलाइन फार्मेसी कंपनियां एक तरह के गैर कानूनी काम कर रही हैं। संगठनों ने कहा कि यदि सरकार ने जल्द समाधान नहीं निकाला तो आने वाले समय में आंदोलन और तेज किया जा सकता है।