एवीएस न्यूज .उमरिया/ भोपाल


 आगामी वर्षा ऋतु को देखते हुए जिले में संभावित अतिवृष्टि और बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए कलेक्टर श्रीमती राखी सहाय की अध्यक्षता में कलेक्टर सभागार में बाढ़ आपदा प्रबंधन की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की तैयारियों की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।

कलेक्टर ने निर्देश दिए कि जिला स्तर पर तत्काल कंट्रोल रूम स्थापित किया जाए तथा अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी निर्धारित की जाए। कंट्रोल रूम का प्रभार अधीक्षक भू-अभिलेख उमरिया को सौंपा गया है। साथ ही आपदा संबंधी सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान के लिए संबंधित कर्मियों को प्रशिक्षण देने के निर्देश भी दिए गए।

 

नालों की सफाई और संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान पर जोर
बैठक में नगर क्षेत्रों में नालों और नालियों की समयबद्ध सफाई, बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की पहचान, सुरक्षित स्थलों का चिन्हांकन तथा राहत सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया। मुख्य नगर पालिका अधिकारी को वर्षा पूर्व सभी नालों की सफाई पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए।


कलेक्टर ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को आवश्यक दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा पशु चिकित्सा विभाग को पशुजनित रोगों की रोकथाम के लिए दवाओं का भंडारण रखने के निर्देश दिए।


जर्जर भवनों और पुलों की मरम्मत के निर्देश
लोक निर्माण विभाग सहित संबंधित विभागों को वर्षा प्रारंभ होने से पहले जर्जर भवनों, पुलों और रपटों की मरम्मत पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। साथ ही यह सुनिश्चित करने को कहा गया कि कोई भी विद्यालय या शासकीय कार्यालय असुरक्षित भवनों में संचालित न हो।


जन-जागरूकता और आपदा प्रबंधन की तैयारी
कलेक्टर ने तालाबों, नदियों और नालों के किनारे बसे संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान कर वहां के निवासियों के सुरक्षित विस्थापन की पूर्व तैयारी करने के निर्देश दिए। विशेष रूप से बाणसागर परियोजना क्षेत्र के गांवों में जलभराव की संभावना को देखते हुए सुरक्षित आश्रय स्थलों की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।


बैठक में आकाशीय बिजली से बचाव के उपायों पर भी चर्चा हुई। कलेक्टर ने लोगों को वर्षा के दौरान पेड़ों के नीचे शरण न लेने और अन्य सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए। आपात स्थिति में ग्राम कोटवारों के माध्यम से मुनादी कर तत्काल सूचना प्रसारित करने को कहा गया।
साथ ही मौसम संबंधी पूर्व चेतावनी के लिए दामिनी, मेघदूत, मौसम एवं अन्य मोबाइल एप्स के व्यापक प्रचार-प्रसार पर भी जोर दिया गया।
     बैठक में अपर कलेक्टर पी.के. सेनगुप्ता,अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सीताराम सत्य,संयुक्त कलेक्टर रीता डेहरिया एवं अमित सिंह, एसडीएम मानपुर हरनीत कौर कलसी,एसडीएम बांधवगढ़ अंबिकेश प्रताप सिंह,एसडीएम पाली मीनाक्षी इंगले,डिप्टी कलेक्टर कमलेश नीरज,प्रत्युष श्रीवास्तव सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।