बीएचईएल भोपाल में ब्लॉक-1A एनेक्सी का नवीनीकरण कार्य पूर्ण
आधुनिक तकनीक से कर्मचारियों को मिलेगा सुरक्षित एवं बेहतर कार्य वातावरण
एवीएस न्यूज, भोपाल।
भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (बीएचईएल), भोपाल के एफसीएक्स विभाग द्वारा जर्जर हो चुके ब्लॉक-1A एनेक्सी का नवीनतम सामग्री एवं आधुनिक तकनीक का उपयोग करते हुए व्यापक नवीनीकरण किया गया है। नव नवीनीकृत ब्लॉक-1A एनेक्सी का उद्घाटन शनिवार, 29 अगस्त 2026 को श्री प्रदीप कुमार उपाध्याय, कार्यपालक निदेशक, बीएचईएल, भोपाल द्वारा किया गया।
नवीनीकरण कार्य से भवन की सेवा आयु में वृद्धि होने के साथ-साथ यहां कार्यरत कर्मचारियों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं बेहतर कार्य वातावरण उपलब्ध होगा। आधुनिक तकनीक और बेहतर कार्य परिस्थितियों के माध्यम से कर्मचारियों की सुरक्षा, कार्यक्षमता एवं उत्पादकता में वृद्धि होने की उम्मीद है।
उद्घाटन समारोह में श्री राजेश अग्रवाल, महाप्रबंधक (एसओएम), श्री आलोक सेंगर, महाप्रबंधक (फैब्रिकेशन), श्री एच. आर. पटेल, महाप्रबंधक (मानव संसाधन), श्री आशीष औरंगाबादकर, महाप्रबंधक (डब्ल्यूईएक्स एवं एमओडी) सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी, पर्यवेक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
ब्लॉक-1A एनेक्सी का यह नवीनीकरण बीएचईएल, भोपाल में कार्यस्थलों के सतत सुधार, आधारभूत संरचना के सुदृढ़ीकरण तथा कर्मचारियों को बेहतर, सुरक्षित एवं अनुकूल कार्य वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। यह पहल कार्यस्थल की सुविधाओं में सुधार के साथ-साथ कर्मचारियों की सुरक्षा, कार्यक्षमता एवं उत्पादकता को बढ़ावा देने के प्रति बीएचईएल की प्रतिबद्धता को भी दर्शाती है।


