लेक सिटी भोपाल में जुटेंगे भारत के दिग्गज शेयर बाजार विशेषज्ञ
आईसीएआई भोपाल आयोजित कर रहा है ऐतिहासिक कैपिटल मार्केट्स सम्मेलन
भोपाल।
देश की आर्थिक राजधानी बनने की ओर अग्रसर लेक सिटी भोपाल एक ऐतिहासिक बौद्धिक और वित्तीय आयोजन का साक्षी बनने जा रही है। भारतीय चार्टर्ड अकाउंटेंट्स संस्थान (आईसीएआई) की भोपाल शाखा द्वारा शुक्रवार को होटल कोर्टयार्ड बाय मैरियट, भोपाल में आयोजित किया जा रहा 'वन डे सेमिनार ऑन कैपिटल मार्केट्स' देश के सबसे प्रतिष्ठित वित्तीय विशेषज्ञों को भोपाल लाने जा रहा है।
यह कार्यक्रम केवल एक सेमिनार नहीं, बल्कि भारत की पूंजी बाजार व्यवस्था का राष्ट्रीय स्तर का मंथन है, जिसमें वे हस्तियां भाग लेंगी, जिन्होंने भारत के शेयर बाजार, निवेश संस्कृति और आईपीओ इकोसिस्टम को आकार दिया है। भारतीय शेयर बाजार की दुनिया में एक जीवित किंवदंती माने जाने वाले सीए आनंद राठी ने भारत में इक्विटी कल्चर, ब्रोकिंग, वेल्थ मैनेजमेंट और इन्वेस्टमेंट बैंकिंग को नई दिशा दी है। लाखों निवेशकों और सैकड़ों कंपनियों की पूंजी यात्रा उनके मार्गदर्शन से आगे बढ़ी है। उनका भोपाल आना अपने आप में शहर के लिए एक ऐतिहासिक अवसर है।
सीए बिहारीलाल देओरा – को-फाउंडर, अबक्कस एसेट मैनेजर
देश के शीर्ष फंड मैनेजर्स और लॉन्ग-टर्म इन्वेस्टमेंट स्ट्रेटजिस्ट्स में गिने जाने वाले सीए देओरा का निवेश दर्शन आज देश के सबसे बड़े पोर्टफोलियो को दिशा देता है। वे भारत के इक्विटी मार्केट के भविष्य को आकार देने वाले दिमागों में शामिल हैं।
सीए कृष्णन अय्यर – सीनियर वाइस प्रेसिडेंट, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज
भारत के सबसे बड़े स्टॉक एक्सचेंज एनएसई के वरिष्ठ अधिकारी के रूप में, सीए अय्यर भारत की पूंजी बाजार संरचना, जोखिम प्रबंधन और आर्थिक स्थिरता के केंद्र में हैं। उनका अनुभव नीति निर्माण से लेकर वैश्विक निवेशकों के विश्वास तक फैला हुआ है।
सीए श्रेया पोद्दार – वाइस प्रेसिडेंट, चॉइस कैपिटल एडवाइजर्स
संस्थागत निवेश और कॉर्पोरेट फाइनेंस की दुनिया में एक प्रभावशाली नाम, सीए पोद्दार भारत में निवेश रणनीतियों और पूंजी प्रवाह को दिशा देने वाली युवा लीडरशिप का प्रतिनिधित्व करती हैं।
चंदन तापड़िया – हेड, टेक्निकल्स एवं डेरिवेटिव रिसर्च, मोतीलाल ओसवाल
भारत के सबसे प्रसिद्ध मार्केट टेक्निकल एनालिस्ट के रूप में चंदन तापड़िया लाखों ट्रेडर्स और निवेशकों के लिए दिशा-सूचक हैं। उनके चार्ट और एनालिसिस पर देश का एक बड़ा ट्रेडिंग समुदाय भरोसा करता है। इस राष्ट्रीय स्तर के सम्मेलन में भारतीय शेयर बाजार का भविष्य, भारत की वैश्विक आर्थिक स्थिति और 2026 के लिए ट्रेडिंग रणनीतियां जैसे विषयों पर गहन मंथन होगा। आईसीएआई भोपाल शाखा द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम यह दर्शाता है कि भोपाल अब केवल प्रशासनिक राजधानी नहीं, बल्कि वित्तीय ज्ञान और निवेश विमर्श का उभरता केंद्र बन चुका है। यह आयोजन भोपाल को राष्ट्रीय पूंजी बाजार के नक्शे पर मजबूती से स्थापित करने वाला सिद्ध होगा।

