आईएमसी पहली बार स्टार्टअप वर्ल्ड कप आयोजित कर स्टार्टअप्स को देगा गति
नई दिल्ली। डिजिटल टेक्नोलॉजी फोरम इंडिया मोबाइल कांग्रेस (आईएमसी) 2025 पहली बार स्टार्टअप वर्ल्ड कप इंडिया के इंडिया संस्करण की मेजबानी करने को तैयार है। नई दिल्ली के यशोभूमि कनवेंशन सेंटर में 8-11 अक्टूबर तक होने वाली यह वैश्विक प्रतिस्पर्धा, स्टार्टअप्स और नवप्रवर्तकों को सशक्त करने के लिए समर्पित आईएमएसी के अग्रणी स्टार्टअप प्रोग्राम एस्पायर का एक सेंटरपीस होगा।
आईएमसी एस्पायर को 300 प्रविष्टियां प्राप्त हुई हैं जिनमें से 15 स्टार्टअप्स का चयन एक क्यूरेटेड जूरी द्वारा किया जाएगा। यह प्रतियोगिता इंडिया मोबाइल कांग्रेस में 10 अक्टूबर होगी जिसमें चयनित 15 स्टार्टअप्स हिस्सा लेंगे। इस वर्ल्ड कप के इंडिया संस्करण के विजेता का चयन सैन फ्रांसिस्को में होने वाले वर्ल्ड कप ग्रैंड फिनाले के लिए किया जाएगा जहां विश्वविजेता को 10 लाख डॉलर का निवेश पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।
इंडिया मोबाइल कांग्रेस के सीईओ रामकृष्ण पी. ने कहाकि आईएमसी एस्पायर के साथ हम स्टार्टअप्स को ना केवल एक प्लेटफॉर्म दे रहे हैं, बल्कि वैश्विक स्तर पर बढ़ने का एक रास्ता भी दे रहे हैं। पहली बार स्टार्टअप वर्ल्ड कप इंडिया की मेजबानी करना, भारतीय स्टार्टअप्स को वैश्विक नवप्रवर्तन अर्थव्यवस्था की अग्रणी पंक्ति में लाने की आईएमसी 2025 की प्रतिबद्धता रेखांकित करता है।
पैनल में आईसीआईसीआई वेंचर में वेंचर कैपिटल के निदेशक तेज कपूर, फंडामेंटम में सह संस्थापक और जनरल पार्टनर आशीष कुमार, इंडिफि टेक्नोलॉजीज के सह संस्थापक और टीआईई दिल्ली-एनसीआर गवर्निंग काउंसिल सदस्य आलोक मित्तल, योरनेस्ट वीसी फंड के कार्यकारी निदेशक और फंड मैनेजर गिरीश शिवानी, दूरसंचार विभाग के डीडीजी (एसई) अनिल कुमार भारद्वाज और सीओएआई के महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल डाक्टर एसपी कोचर शामिल हैं। जूरी के इन सदस्यों को वेंचर कैपिटल, स्टार्टअप को आगे बढ़ाने, डीपटेक और डिजिटल नीति में गहरा अनुभव है और ये इस प्रतियोगिता को संस्थापकों के लिए एक असाधारण अवसर में तब्दील करेंगे जो भारत की नवप्रवर्तन अर्थव्यवस्था को आकार देंगे।

