एवीएस न्यूज ..भोपाल


 मध्य प्रदेश राज्य कृषि विपणन बोर्ड (मंडी बोर्ड) के प्रबंध संचालक कुमार पुरषोत्तमने प्रशासनिक कार्यप्रणाली में बड़ा बदलाव करते हुए अब सभी बैठकों को ऑनलाइन मोड पर आयोजित करने का निर्णय लिया है।

यह फैसला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के डिजिटल गवर्नेंस और संसाधन बचत के आह्वान के बाद लिया है।  


 मंडी बोर्ड के प्रबंध संचालक कुमार पुरुषोत्तम द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार अब भोपाल में आयोजित होने वाली समस्त विभागीय बैठकें वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संपन्न कराई जाएंगी।

इसके चलते अधिकारियों और कर्मचारियों को दूरस्थ अंचलों से भोपाल आने की आवश्यकता नहीं होगी, जिससे समय और सरकारी संसाधनों की बड़ी बचत सुनिश्चित होगी।
इतना ही नहीं, विभागीय जांच, शिकायत प्रकरण एवं अन्य मामलों में होने वाली पेशियों को भी ऑनलाइन मोड पर किया जाएगा। संबंधित अधिकारी-कर्मचारियों को फिजिकली उपस्थित होने के बजाय वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जोड़ा जाएगा।


 सचिव मासिक बैठक एवं अन्य बैठकों को ऑनलाइन माध्यम से संचालित करें 
प्रबंध संचालक ने सभी आंचलिक अधिकारियों से अपील की है कि वे भी अपने-अपने क्षेत्रों में आयोजित सचिव मासिक बैठक एवं अन्य बैठकों को ऑनलाइन माध्यम से संचालित करें।
 

अधिकारियों के दौरों को लेकर भी सख्त निर्देश जारी किए गए
साथ ही अधिकारियों के दौरों को लेकर भी सख्त निर्देश जारी किए गए हैं। अब केवल अति आवश्यक परिस्थितियों में ही दौरे किए जाएंगे और इसके लिए प्रबंध संचालक से पूर्व स्वीकृति लेना अनिवार्य होगा। अधिकारियों को अधिकतम कार्य ऑनलाइन माध्यम से निपटाने के निर्देश दिए गए हैं।

मध्य प्रदेश राज्य कृषि विपणन बोर्ड, सहायक संचालक भोपाल योगेश नागले ने कहा, मंडी बोर्ड प्रशासन का यह निर्णय को डिजिटल प्रशासन और पारदर्शी कार्यप्रणाली की दिशा में एक बड़ा कदम है।