अब यातायात अधिक सुरक्षित, सुगम और कुशल हो गया 

एवीएस न्यूज, भोपाल।

बीएचईएल, भोपाल ने अपनी आधारभूत संरचना के विकास की दिशा में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए नव-निर्मित हबीबगंज–बरखेड़ा लिंक रोड पुल का लोकार्पण किया। पुल का उद्घाटन बीएचईएल के निदेशक इंजीनियरिंग, अनुसंधान एवं विकास के एसएम रामनाथन ने बीएचईएल भोपाल के कार्यकारी निदेशक प्रदीप कुमार उपाध्याय की उपस्थिति में किया। उद्घाटन समारोह में बीएचईएल भोपाल के महाप्रबंधक मानव संसाधन टीयू सिंह, अन्य वरिष्ठ अधिकारियों, कर्मचारियों और परियोजना से जुड़े हितधारकों के साथ उपस्थित थे।
बीएचईएल टाउनशिप के प्रमुख क्षेत्रों को जोड़ने वाला हबीबगंज–बरखेड़ा लिंक रोड आंतरिक परिवहन का एक महत्वपूर्ण मार्ग है। समय के साथ पुरानी पुलिया जर्जर हो गई थी, जिसके कारण मार्ग पर ब्लाइंड स्पॉट (दृष्टि अवरोध), तीव्र मोड़ तथा सीमित टर्निंग रेडियस जैसी समस्याएँ उत्पन्न हो गई थीं। इससे यातायात की सुरक्षा प्रभावित होने के साथ-साथ वाहनों के सुचारु आवागमन में भी कठिनाइयाँ आ रही थीं।
इन चुनौतियों के स्थायी समाधान हेतु बीएचईएल द्वारा पुरानी संरचना के स्थान पर 17 मीटर × 12 मीटर आकार की तीन-सेल प्रबलित सीमेंट कंक्रीट (आरसीसी) बॉक्स कलवर्ट का निर्माण किया गया। यह परियोजना मात्र सात माह की रिकॉर्ड अवधि में सफलतापूर्वक पूर्ण की गई, जो बीएचईएल भोपाल की उत्कृष्ट इंजीनियरिंग क्षमता, प्रभावी परियोजना प्रबंधन तथा समयबद्ध कार्य निष्पादन के प्रति उसकी प्रतिबद्धता का परिचायक है।


ब्लाइंड स्पॉट और तीखे मोड़ों को समाप्त
नवनिर्मित पुल ने ब्लाइंड स्पॉट और तीखे मोड़ों को समाप्त करके सड़क सुरक्षा और यातायात प्रवाह में उल्लेखनीय सुधार किया है, साथ ही स्टॉपिंग विज़न डिस्टेंस को भी काफी हद तक बेहतर बनाया है। निर्धारित सड़क की प्रभावी चौड़ाई मौजूदा 6.2 मीटर से बढ़कर 8.2 मीटर हो जाएगी और बेहतर सड़क संरेखण से वाहनों की सुरक्षित, सुगम और अधिक कुशल आवाजाही संभव हो सकेगी, जिससे यातायात संबंधी समस्याएं कम होंगी और कर्मचारियों, टाउनशिप निवासियों और आगंतुकों के लिए सुविधा बढ़ेगी।


रामनाथन ने की सभी विभागों की सराहना
इस अवसर पर अपने संबोधन में एसएम रामनाथन ने परियोजना से जुड़े अभियंताओं एवं सभी विभागों की सराहना करते हुए कहा कि निर्धारित समय-सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता एवं सुरक्षा मानकों के साथ परियोजना को पूर्ण करना बीएचईएल की कार्यकुशलता का उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की आधारभूत संरचना संबंधी परियोजनाएं न केवल परिचालन दक्षता को बढ़ाती हैं, बल्कि आधुनिकीकरण, सतत विकास तथा विश्वस्तरीय कार्य वातावरण उपलब्ध कराने के प्रति बीएचईएल की निरंतर प्रतिबद्धता को भी प्रदर्शित करती हैं। कार्यक्रम के अंत में परियोजना के सफल क्रियान्वयन में योगदान देने वाले सभी विभागों, अभियंताओं, ठेकेदारों एवं कार्यबल के सदस्यों के समर्पण एवं समन्वित प्रयासों की सराहना की गई। यह परियोजना बीएचईएल भोपाल की उत्कृष्ट इंजीनियरिंग क्षमता तथा आधुनिक एवं सुरक्षित आधारभूत संरचना के विकास के प्रति उसकी प्रतिबद्धता का एक और सशक्त उदाहरण है।