पुराने भोपाल के जनकपुरी थोक बाजार का मामला : खुले नाला में गिरी व्यापारी की स्कूटर, हो रहे घायल
एवीएस न्यूज.भोपाल
पुराने भोपाल के जनकपुरी स्थित थोक किराना बाजार में खुला नाला व्यापारियों और आगंतुकों के लिए आफत बने हुए है। खुले नाला में व्यापारी और यहां पहुंचने वाले लोगों की दुपहिया वाहन गिर रहे हैं जिससे वे घायल हो रहे है।
शुक्रवार को एक व्यापारी की एक्टिवा स्कूटर खुले नाले में गिर गई, जिससे वह घायल हो गया। हादसे के बाद स्थानीय व्यापारियों में नगर निगम के प्रति नाराजगी देखी गई।
व्यापारियों का कहना है कि बाजार क्षेत्र में नाला लंबे समय से खुला पड़ा है। इसकी शिकायत कई बार नगर निगम से की जा चुकी है, लेकिन अब तक नाले को ढकने या सुरक्षा के कोई पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए हैं।
व्यापारी अनुपम अग्रवाल के अनुसार, यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी खुले नाले के कारण कई लोग हादसे का शिकार होकर घायल हो चुके हैं।
व्यापारियों ने आरोप लगाया कि शिकायतों के बावजूद प्रशासन द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। व्यापारियों ने नगर निगम से मांग की है कि दुर्घटनाओं को रोकने के लिए खुले नाले को तत्काल ढका जाए और बाजार क्षेत्र में आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।






