फिक्स्ड डिपॉजिट की शुरुआत की अमेजन पे ने
एवीएस न्यूज.भोपाल
अमेजन पे ने फिक्स्ड डिपॉज़िट की शुरुआत की घोषणा की, जो भारत में उसके वित्तीय सेवा इकोसिस्टम के विस्तार की दिशा में एक अहम कदम है। दो प्रमुख एनबीएफसी श्रीराम फाइनेंस और बजाज फाइनेंस और पांच बैंकों शिवालिक स्मॉल फाइनेंस बैंक, सूर्योदय स्मॉल फाइनेंस बैंक, साउथ इंडियन बैंक, स्लाइस और उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक के साथ रणनीतिक साझेदारी के ज़रिए, अमेजन पे देशभर के लाखों ग्राहकों को फिक्स्ड डिपॉज़िट विकल्प उपलब्ध करा रहा है। अब ग्राहक अमेजन पे पर सिर्फ 1,000 रुपए से फिक्स्ड डिपॉज़िट खोल सकते हैं और इसके लिए उन्हें हर बैंक में अलग.अलग सेविंग अकाउंट खोलने की जरूरत नहीं होगी।
साझेदार संस्थान 8 फीसदी प्रति वर्ष तक की ब्याज दर की पेशकश कर रहे हैं । सभी साझेदार वरिष्ठ नागरिकों को अतिरिक्त 0.5 फीसदी ब्याज प्रदान करते हैं। वहीं श्रीराम फाइनेंस महिला निवेशकों को 0.5फीसदी तक अतिरिक्त ब्याज देता है। अमेजन पे के सीईओ विकास बंसल ने कहा भारत में फिक्स्ड इनकम इंस्ट्रूमेंट्स काफी लोकप्रिय हैं, क्योंकि इनकी संरचना सरल होती है, रिटर्न सुनिश्चित होता है और जोखिम कम होता है।
नए साल की शुरुआत में इस लॉन्च के साथ हम ग्राहकों के लिए विकल्पों का विस्तार कर रहे हैं और उन्हें अपनी बचत पर बेहतर रिटर्न पाने में मदद कर रहे हैं, ताकि वे 2026 के अपने वित्तीय लक्ष्यों के लिए मजबूत आधार बना सकें।यह भारतीय ग्राहकों की विविध जरूरतों को पूरा करने वाले एक व्यापक वित्तीय समाधान इकोसिस्टम बनाने की हमारी यात्रा का एक और कदम है।

