एवीएस न्यूज.भोपाल 
मध्यप्रदेश में जीएसटी अपीलेट ट्रिब्यूनल में सुनवाई प्रारंभ होने के साथ ही ट्रिब्यूनल के समक्ष प्रैक्टिस करने वाले कर पेशेवरों द्वारा जीएसटी अपीलेट ट्रिब्यूनल बार एसोसिएशन, मध्यप्रदेश का गठन किया गया है।

यह एक पंजीकृत संस्था है, जिसमें प्रदेशभर के चार्टर्ड अकाउंटेंट, एडवोकेट, कॉस्ट अकाउंटेंट एवं अन्य कर सलाहकार सदस्य के रूप में जुड़े हैं। संस्था का मुख्य उद्देश्य ट्रिब्यूनल के सदस्यों एवं बार के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना, अपील दाखिल करने में सदस्यों का सहयोग करना तथा अपील प्रक्रिया के दौरान आने वाली व्यावहारिक समस्याओं के समाधान के लिए सकारात्मक पहल करना है।


एसोसिएशन के पदाधिकारियों में अध्यक्ष एडवोकेट राजेश्वर दयाल (भोपाल), उपाध्यक्ष पुष्पेश पालीवाल (नर्मदापुरम), मौसम राठी (इंदौर), पंकज जैन (ग्वालियर) एवं नीरज अग्रवाल (जबलपुर), सचिव नवनीत गर्ग (भोपाल), कोषाध्यक्ष राहुल बैदमूथा (छिंदवाड़ा), सह सचिव संकेत मंगल (भोपाल) तथा कार्यकारी सदस्य अंचल मूणत (रतलाम) एवं योगेश चौरसिया (भोपाल) शामिल हैं।

इसी क्रम में एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने भोपाल में जीएसटी अपीलेट ट्रिब्यूनल के उपाध्यक्ष  रुपेश चंद्र वार्ष्णेय एवं न्यायिक सदस्य उपेंद्र कुमार सिंह से सौजन्य भेंट की।


इस अवसर पर संस्था के सचिव नवनीत गर्ग ने बताया कि एसोसिएशन में मध्यप्रदेश के विभिन्न जिलों से जीएसटी अपीलेट ट्रिब्यूनल में प्रैक्टिस करने वाले कर सलाहकार, चार्टर्ड अकाउंटेंट एवं अधिवक्ता सदस्य हैं। उन्होंने लंबे समय से लंबित द्वितीय अपीलों की सुनवाई प्रारंभ होने पर ट्रिब्यूनल के सदस्यों का आभार व्यक्त किया।

संस्था के अध्यक्ष एडवोकेट राजेश्वर दयाल ने द्वितीय अपील दाखिल करने की प्रक्रिया में कर पेशेवरों के समक्ष आ रही व्यावहारिक कठिनाइयों की ओर भी ट्रिब्यूनल के  सदस्यों का ध्यान आकर्षित किया तथा उनके शीघ्र समाधान का आग्रह किया।

सौजन्य भेंट के दौरान अध्यक्ष राजेश्वर दयाल, सचिव नवनीत गर्ग, उपाध्यक्ष पुष्पेश पालीवाल, नीरज अग्रवाल (जबलपुर), सह सचिव संकेत मंगल तथा एडवोकेट मृदुल आर्य उपस्थित रहे।