एवीएस न्यूज.भोपाल 
बार एट जीएसटी  ट्रिब्यूनल भोपाल के प्रतिनिधिमंडल ने जीएसटी अपीलीय न्यायाधिकरण (जीएसटीएटी), मध्यप्रदेश के उपाध्यक्ष जस्टिस रूपेश चंद्र वार्ष्णेय और सदस्य (न्यायिक)  उपेंद्र कुमार सिंह से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने उनका स्वागत करते हुए जीएसटीएटी   में अपील दायर करने के दौरान अपीलकर्ताओं, अधिवक्ताओं और कर सलाहकारों को आ रही समस्याओं से अवगत कराया।


बैठक में जीएसटीएटी  के डिप्टी रजिस्ट्रार   विनीत कुमार, असिस्टेंट रजिस्ट्रार अमित जैन सहित प्रशासनिक स्टाफ भी मौजूद रहा। इस दौरान अपील प्रक्रिया को सरल और सुचारु बनाने से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई।

सदस्य (न्यायिक) ने प्रतिनिधिमंडल से कहा कि अपीलकर्ता और अधिवक्ता नियमित रूप से जीएसटीएटी   पोर्टल का अवलोकन करें तथा वहां उपलब्ध कॉज लिस्ट और आदेशों की जानकारी प्राप्त करें। उन्होंने कहा कि पोर्टल या अन्य किसी भी तकनीकी समस्या को जीएसटीएटी  के संज्ञान में लाया जा सकता है, जिसके समाधान के लिए हेल्प डेस्क की व्यवस्था की गई है।


जीएसटीएटी  के उपाध्यक्ष जस्टिस रूपेश चंद्र वार्ष्णेय ने अधिवक्ताओं के पावर ऑफ अटॉर्नी और लेटर ऑफ अथॉरिटी को सही तरीके से और पूर्ण रूप से जमा करने के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि अपीलकर्ताओं को अपील दाखिल करने के लिए मिले अतिरिक्त समय का पूरा उपयोग करना चाहिए।

उन्होंने यह भी बताया कि वर्तमान में दाखिल की गई अपीलों की संख्या विभागीय रिकॉर्ड के अनुसार अपेक्षित संख्या की तुलना में कम है। इसलिए पात्र अपीलकर्ताओं को समय सीमा के भीतर अपील प्रक्रिया पूरी करने के लिए प्रोत्साहित किया जाना चाहिए। बैठक में जीएसटीएटी  और बार प्रतिनिधिमंडल के बीच बेहतर समन्वय एवं अपील प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाने पर सहमति बनी।