फेडरेशन ने किया यूके-भारत मुक्त व्यापार समझौते का स्वागत
भोपाल । फेडरेशन ऑफ एमपी चेंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (एफएमपीसीसीआई) ने यूनाइटेड किंगडम और भारत के बीच कल हस्ताक्षरित मुक्त व्यापार समझौते का स्वागत किया है। एफएमपीसीसीआई के अध्यक्ष दीपक शर्मा ने इस समझौते को दोनों देशों के लिए एक परिवर्तनकारी कदम बताया और कहा कि यह व्यापार, निवेश और औद्योगिक सहयोग के नए द्वार खोलेगा।
रोजगार के नए अवसर और नवाचार आधारित विकास को गति मिलेगी
उन्होंने कहाकि यह समझौता भारत और यूके के बीच बढ़ते भरोसे और साझेदारी को दर्शाता है। यह हमारे निर्यातकों, एमएसएमई, स्टार्टअप्स और सेवा क्षेत्र के पेशेवरों के लिए नए अवसर लेकर आएगा—विशेषकर वस्त्र, सूचना प्रौद्योगिकी, औषधि, अभियांत्रिकी उत्पाद और कृषि-आधारित उद्योगों में। इससे रोजगार के नए अवसर और नवाचार आधारित विकास को गति मिलेगी।
दूरदर्शी और समावेशी समझौते के लिए हार्दिक बधाई
शर्मा ने कहा कि फेडरेशन इस समझौते के प्रमुख बिंदुओं को अपने सदस्यों तक पहुंचाएगा और एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करेगा ताकि उद्योग जगत इस रणनीतिक समझौते का अधिकतम लाभ उठा सके। एफएमपीसीसीआई दोनों देशों के नेतृत्व और वार्ताकारों को इस दूरदर्शी और समावेशी समझौते के लिए हार्दिक बधाई देता है।

