अधिकारियों और कर्मचारियों ने ली पर्यावरण सुरक्षा की शपथ
एवीएस न्यूज, भोपाल।


विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर बीएचईएल भोपाल में महीने भर चलने वाले ‘पर्यावरण जागरुकता माह’ की शुरुआत हुई। इस अभियान की शुरुआत भेल भोपाल के कार्यपालक निदेशक प्रदीप कुमार उपाध्याय ने सभी महाप्रबंधकों और वरिष्ठ अधिकारियों को ‘पर्यावरण सुरक्षा की शपथ दिलाकर की। इस अवसर पर भेल के निदेशक (पावर) व निदेशक (मानव संसाधन) और कार्यपालक निदेशक द्वारा विशेष ‘पर्यावरण संरक्षण संदेश’ भी जारी किए गए। कारखाने के सभी विनिर्माण ब्लॉकों और शॉप-फ्लोर में विभाग प्रमुखों ने अपने-अपने स्टाफ को पर्यावरण सुरक्षा की शपथ दिलाई।


'प्रकृति से प्रेरित' थीम पर होंगे आयोजन
कर्मचारियों और आम जनता को जागरूक करने के लिए यह पूरा महीना ‘प्रकृति से प्रेरित; जलवायु के लिए; हमारे भविष्य के लिए’ थीम के तहत मनाया जा रहा है। 5 जून से 4 जुलाई तक चलने वाले इस जागरुकता माह के दौरान कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिसमें भेल टाउनशिप के हाट-बाज़ारों और आवासीय क्षेत्रों में सिंगल-यूज़ प्लास्टिक को पूरी तरह खत्म करने के लिए जागरुकता फैलाई जाएगी। कारखाने और टाउनशिप के विभिन्न चिन्हित स्थानों पर बड़े पैमाने पर पौधे लगाए जाएंगे। कर्मचारियों और उनके परिवारों के लिए पर्यावरण विषयों पर पोस्टर प्रतियोगिता और ‘वेस्ट टू बेस्ट’ (कचरे से बेहतरीन वस्तुएं बनाना) जैसी रोचक स्पर्धाएं होंगी। साथ ही पर्यावरण संरक्षण पर विशेष ट्रेनिंग सेशन भी आयोजित किए जाएंगे।