एवीएस न्यूज. भोपाल
नायरा एनर्जी द्वारा पेट्रोल-डीजल के दाम घटाए जाने के बाद अब पेट्रोल पंप संचालक और वाहन चालकों ने सरकारी तेल कंपनी से ईंधन कीमतों में कमी की मांग तेज कर दी है। कहा जा रहा है कि जब अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें कम हैं, तो उसका सीधा लाभ आम जनता तक पहुंचना चाहिए।

 


मध्यप्रदेश पेट्रोल पंप ऑनर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय सिंह ने कहा कि मौजूदा समय में पेट्रोल और डीजल के दाम अपेक्षाकृत अधिक हैं, जिससे उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि ईंधन की कीमतों में कमी से न केवल आम लोगों को राहत मिलेगी, बल्कि परिवहन लागत भी घटेगी और महंगाई पर नियंत्रण में मदद मिलेगी।
 गौरतलब है कि वर्तमान अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल (क्रूड ऑयल) की कीमत लगभग 70 डॉलर प्रति बैरल के आसपास बनी हुई है। इस अनुपात के आधार पर पेट्रोल की कीमत लगभग 102 रुपए प्रति लीटर और डीजल की कीमत लगभग 90 रुपए प्रति लीटर होनी चाहिए।

हालांकि वर्तमान में  परिदृश्य में राजधानी  भोपाल में पेट्रोल करीब 114.52 रुपए प्रति लीटर और डीजल 99.64 रुपए प्रति लीटर के आसपास बिक रहा है। इसी अंतर को लेकर उपभोक्ताओं में नाराजगी देखी जा रही है। उनका कहना है कि जब अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के दाम कम हैं तो उसका सीधा लाभ आम जनता को मिलना चाहिए।


 ट्रांसपोर्टर सीएल मुकाती , हरीश डाबर सहित स्थानीय वाहन चालकों और उपभोक्ताओं ने कहा कि ईंधन की मौजूदा कीमतें महंगाई बढ़ाने का कारण बन रही हैं।  डीजल की कीमत का असर सीधे ट्रांसपोर्ट और रोजमर्रा की वस्तुओं पर पड़ता है, इसलिए सरकार को तुरंत राहत देनी चाहिए।

 


भोपाल ग्रेन मर्चेंट एंड ऑयल सीड्स एसोसिएशन के प्रवक्ता संजीव जैन और भोपाल चेंबर ऑफ कॉमर्स के पूर्व अध्यक्ष तेजकुलपाल सिंह पाली ने मांग की है कि जब निजी कंपनियां कीमतों में कटौती कर सकती हैं तो सरकारी तेल कंपनियों को भी बाजार परिस्थितियों के अनुसार दाम कम करने चाहिए, ताकि उपभोक्ताओं को समान लाभ मिल सके।

 
कारोबारियों और वाहन चालकों का मानना है कि यदि कच्चे तेल की कीमतें इसी स्तर पर बनी रहती हैं, तो आने वाले समय में पेट्रोल-डीजल के दामों में संशोधन की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।      

 

नायरा एनर्जी के ईंधन मूल्य घटाने के फैसले का स्वागत  
 ऑल इंडिया मोटर एंड गुड्स ट्रांसपोर्ट एसोसिएशनके अध्यक्ष राजेंद्र कपूर ने नायरा एनर्जी द्वारा पेट्रोल के दाम में 5 रुपए  प्रति लीटर और डीजल के दाम में 3 रुपए  प्रति लीटर की कटौती के निर्णय का स्वागत करते हुए इसे आम उपभोक्ताओं के हित में उठाया गया सकारात्मक कदम बताया है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में लंबे समय से गिरावट दर्ज की जा रही है, लेकिन इसका पूरा लाभ अभी तक देश के उपभोक्ताओं, परिवहन क्षेत्र, व्यापार और उद्योग को नहीं मिल पाया है। ऐसे में नायरा एनर्जी का यह फैसला राहत देने वाला है।


राजेंद्र कपूर ने केंद्र सरकार तथा सभी सार्वजनिक और निजी क्षेत्र की तेल विपणन कंपनियों से भी वैश्विक बाजार में कच्चे तेल की मौजूदा कीमतों को ध्यान में रखते हुए पेट्रोल और डीजल के दामों में शीघ्र और पर्याप्त कमी करने की मांग की। उनका कहना है कि इससे करोड़ों वाहन स्वामियों, ट्रांसपोर्टरों, किसानों, व्यापारियों और आम नागरिकों को सीधा लाभ मिलेगा।

उन्होंने कहा कि डीजल की कीमतों का सीधा असर मालभाड़े, कृषि, उद्योग और आवश्यक वस्तुओं की कीमतों पर पड़ता है। ईंधन सस्ता होने से परिवहन लागत कम होगी, महंगाई पर नियंत्रण लगेगा, व्यापार और उद्योग को गति मिलेगी तथा देश की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती प्राप्त होगी।