हमीदिया और ओल्ड अशोका गार्डन का बदलेगा नाम
भोपाल। नगर निगम परिषद की बैठक में गुरुवार को जोरदार हंगामा हो गया। हाथापाई तक की नौबत आ गई। दरअसल भाजपा पार्षदों के बीच नवाब हमीदुल्लाह खान से जुड़े कई शहर के ऐतिहासिक स्थलों के नाम बदलने के प्रस्ताव पर बहस छिड़ गई। इस दौरान नगर निगम अध्यक्ष ने कहा कि भोपाल का नवाब गद्दार था, गद्दार है और गद्दार रहेगा। दोनों पक्षों के बीच जमकर नोंकझोंक हुई। ओल्ड अशोका गार्डन का नाम 'राम बाग' करने का प्रस्ताव पारित हो गया है। बैठक में पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारे लगे। परिषद बैठक की शुरुआत सुबह करीब 11.30 बजे हुई। इसके बाद जैसे ही परिषद की कार्रवाई शुरु हुई। वार्ड क्रमांक 16 के पार्षद ने निगम में पंजीकृत संस्थाओं को दिए गए अनुदान के संबंध में जानकारी मांगी। इस मुद्दे को लेकर परिषद में पक्ष व विपक्ष दोनों तरफ से जमकर बहस हुई।
हिंदुस्तान जिंदाबाद पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारे लगे
परिषद की बैठक में भाजपा पार्षद देवेंद्र भार्गव ने हमीदिया अस्पताल, कालेज और सड़क का नाम बदलने का प्रस्ताव रखा। इसका कांग्रेस पार्षदों ने विरोध किया तो भाजपा के पार्षद हिंदुस्तान जिंदाबाद पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारे लगाने लगे। भाजपा पार्षदों ने नवाब हमीदुल्ला को कलंकित और गद्दार कहा। इस पर कांग्रेस पार्षदों ने आपत्ति ली और इस शब्द को विलोपित करने की मांग की। इस दौरान कांग्रेस पार्षद अजीजुद्दीन और भाजपा पार्षद देवेंद्र भार्गव के बीच कहासुनी शुरु हो गई। दोनों लोग एक दूसरे के सामने आ गए। देवेंद्र ने अजीजुद्दीन को कुछ अपशब्द कहा, जिसे सुनते ही अजीजुद्दीन ने भार्गव की कालर पकड़ ली, हालांकि बाद में दोनों को अन्य पार्षदों ने अलग कराया। हालांकि बाद में परिषद बैठक में हमीदिया अस्पताल, कालेज और सड़क बदलने का नाम बदलने के प्रस्ताव को पारित कर दिया गया है। अब इसका प्रस्ताव शासन को भेजा जाएगा।
ओल्ड अशोका गार्डन का नाम बदलने का प्रस्ताव
नगर निगम परिषद में गुरुवार को ओल्ड अशोका गार्डन का नाम बदलने का प्रस्ताव लाया गया था। जिसके बाद अब अशोका गार्डन का नया नाम रामबाग कर दिया गया है। इसके साथ अशोका गार्डन स्थित 80 फीट रोड पर विवेकानंद पार्क के पास स्थित चौराहे का नाम भी विवेकानंद चौक किया गया है। परिषद में यह प्रस्ताव वार्ड क्रमांक 69 से भाजपा पार्षद सूर्यकांत गुप्ता ने रखा था। वहीं इनके अलावा पुराने शहर में स्थित एक पार्क का नाम पूर्व विधायक सुरेंद्र नाथ सिंह, अशोका गार्डन 80 फीट रोड का नाम पूर्व सांसद स्वर्गीय रमेश शर्मा, टीटी नगर स्थित काली मंदिर के पास की सड़क का नाम योगाचार्य श्री कृष्ण मोहन गांगुली और बागमुगालिया बस स्टाप का नाम डॉ. भीमराव अंबेडकर के नाम पर करने का प्रस्ताव प्रस्ताव ने दिया है।
सत्तापक्ष ने कहा जो भी काम होगा, पारदर्शिता के साथ होगा
परिषद की बैठक में बरकतउल्लाह विश्वविद्यालय परिसर में 4,45,82,546 रुपये से विसर्जन कुंड बनाने, नीलबड़ में 6,01,82,138 रुपये, संजीव नगर में 4,77,02,937 रुपये, मालीखेड़ी में 2,49,82,075 रुपये और प्रेमपुरा घाट में 7,34,05,402 रुपये से विसर्जनकुंड का निर्माण और विकास कार्य कराने का प्रस्ताव पास किया गया है। हालांकि इसमें कांग्रेस पार्षद गुड्डू चौहान ने सवाल भी उठाए। उन्होंने कहा कि बरकतउल्लाह परिसर में जो नया विसर्जन कुंड बनना है, उसकी लागत पौने पांच करोड़ और जो पहले से बना है, उसका केवल रेनावेशन करने में 6 करोड़ रुपये से अधिक की राशि खर्च हो रही है। इस पर सत्तापक्ष ने कहा कि जो भी काम होगा, पारदर्शिता के साथ होगा।
आरोप आयुक्त की कार्यप्रणाली ठीक नहीं
बैठक में निर्दलीय पार्षद विलास राव घाड़गे ने नगर निगम आयुक्त हरेंद्र नारायण के खिलाफ निंदा प्रस्ताव लाने की मांग की। उनका आरोप था कि आयुक्त की कार्यप्रणाली ठीक नहीं है। इसके बाद वो निंदा प्रस्ताव की मांग करते हुए आसंदी के सामने जमीन पर बैठ गए। हालांकि आयुक्त का बचाव करते हुए एमआइसी मेंबर जगदीश यादव ने कहा कि नगर निगम आयुक्त की वजह से भोपाल इस बार स्वच्छ सर्वेक्षण में दूसरे नंबर पर आया है। इस दौरान कांग्रेस पार्षदों ने भी निगम आयुक्त का पक्ष लिया। जिसके बाद नगर निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी ने पार्षद विलासराव को समझाइश देकर अपनी कुर्सी पर बैठने को कहा।
भोपाल का नवाब गद्दार था, गद्दार है और गद्दार रहेगा
परिषद में हमीदिया अस्पताल, कालेज और सड़क का नाम बदलने का प्रस्ताव पास होते ही हंगामा शुरु हो गया। नगर निगम अध्यक्ष ने कहा कि भोपाल का नवाब गद्दार था, गद्दार है और गद्दार रहेगा। इस बीच दोनों पक्षों के बीच जमकर नोंकझोंक हुई। इस बीच 15 मिनट के लिए परिषद की बैठक स्थगित कर दी गई। बता दें कि नगर निगम अध्यक्ष बीते दो साल से हमीदिया अस्पताल, सड़क और कालेज का नाम बदलने की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि नवाब हमीदुल्लाह देश द्रोही हैं। उनके कारण ही भोपाल साल 1947 की बजाय 1949 में आजाद हुआ। ऐसे व्यक्ति के नाम पर शहर में स्कूल, अस्पताल और सड़कों के नाम नहीं होने चाहिए।
पार्षदों के लिए नए माइक लगाए गए
नगर निगम परिषद में हाल में ही पार्षदों के लिए नए माइक लगाए गए हैं, जिससे पार्षदों को नीचे नहीं झुकना पड़े। वहीं पिछले साल ही परिषद हाल का रेनोवेशन भी कराया गया था। इसके बावजूद नगर निगम के परिषद हाल में कई जगह पानी गिरने लगा। हालांकि जब इस मामले में मीडिया ने संज्ञान लिया तो निगम अध्यक्ष सूर्यवंशी ने कहा कि जल्द ही इसे सुधरवाया जाएगा।

